फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के ताजा रिपोर्ट सामने आ गई है. इन आंकड़ों के मुताबिक, मई 2026 के महीने में भारतीय ऑटो रिटेल सेल्स में सालाना आधार पर 9.55 प्रतिशत की शानदार ग्रोथ दर्ज की गई है. यानी इस दौरान देश भर में रिकॉर्ड 25,31,067 गाड़ियों की बिक्री हुई है, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. खास बात यह है कि इस दौरान लोगों का झुकाव माइलेज देने वाली और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की तरफ सबसे ज्यादा देखा गया है.
गर्मी पर भारी पड़ा शादी का सीजन
मई का महीना आमतौर पर ऑटो सेक्टर के लिए थोड़ा सुस्त माना जाता है, इसकी मुख्य वजह भीषण गर्मी होता है. इसके बावजूद पैसेंजर व्हीकल्स, थ्री-व्हीलर्स और ट्रैक्टर्स के लिए यह अब तक का सबसे बेहतरीन मई का महीना साबित हुआ है. डीलर्स के मुताबिक, इस बंपर सेल के पीछे शादी-ब्याह का सीजन और GST 2.0 फ्रेमवर्क के तहत गाड़ियों का किफायती होना सबसे बड़ी वजह रहा. हालांकि गर्मी के कारण शोरूम में आने वाले लोगों की संख्या में थोड़ी कमी जरूर देखी गई, लेकिन ऑनलाइन इन्क्वायरी और बुकिंग्स धड़ाधड़ होती रहीं.
EV और माइलेज वाली गाड़ियों की मची धूम
FADA की रिपोर्ट बताती है कि शोरूम्स में ऐसी गाड़ियों की पूछताछ सबसे ज्यादा बढ़ गई है जो बेहतरीन माइलेज देती हैं या फिर अल्टरनेटिव फ्यूल पर चलती हैं. यही वजह है कि टू-व्हीलर सेगमेंट में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की हिस्सेदारी पिछले साल के 6.11 प्रतिशत से बढ़कर इस साल मई में 9.25 प्रतिशत पर पहुंच गई है. लोग अब पेट्रोल के खर्च से बचने के लिए तेजी से इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और बाइक्स को अपना रहे हैं.
हर सेगमेंट में दिखा जबरदस्त उछाल
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो पैसेंजर व्हीकल्स (PV) की रिटेल बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 23.25 प्रतिशत की भारी बढ़त देखने को मिली है. मई 2026 में कुल 4,02,591 कारें बिकीं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 3,26,656 था. वहीं, टू-व्हीलर सेगमेंट ने भी 18,44,947 यूनिट्स की बिक्री के साथ अपना बेस्ट मंथली नंबर ब्लॉक किया है, जो पिछले साल से 7.54 प्रतिशत ज्यादा है. कमर्शियल व्हीकल्स (CV) में भी 5.29 प्रतिशत की तेजी आई है और यह 83,823 यूनिट्स के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. इसके अलावा थ्री-व्हीलर्स की बिक्री भी 3.56 फीसदी बढ़कर 1,11,526 यूनिट्स रही.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं