ITR Filing Deadline FY 2025-26: आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई की समय सीमा समाप्त हो चुकी है. अंतिम दिन बड़ी संख्या में करदाताओं ने अपना टैक्स रिटर्न फाइल किया. आयकर विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, आकलन वर्ष 2025-26 के लिए 31 जुलाई तक 5.9 करोड़ से अधिक ITR दाखिल किए जा चुके हैं, जिनमें से केवल अंतिम दिन ही 40 लाख से अधिक रिटर्न सबमिट हुए.
विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर समय पर टैक्स अनुपालन करने के लिए देश के सभी जिम्मेदार करदाताओं का धन्यवाद किया है. हालांकि, बहुत से लोग इस भ्रम में रहते हैं कि 31 जुलाई ही हर किसी के लिए अंतिम तारीख होती है, लेकिन ऐसा नहीं है आय के स्रोत और कैटेगरी के हिसाब से ITR फाइल करने की डेडलाइन अलग-अलग तय की जाती है.
31 जुलाई की समय सीमा किसके लिए था जरूरी
31 जुलाई की डेडलाइन मुख्य रूप से उन व्यक्तिगत करदाताओं के लिए निर्धारित होती है, जिन्हें अपने खातों का ऑडिट कराने की आवश्यकता नहीं होती. इस श्रेणी में वेतन भोगी कर्मचारी और पेंशनभोगी ऐसे व्यक्ति शामिल होते हैं, जिनकी आय मकान के किराये, ब्याज या कैपिटल गेन से है. आम तौर पर ITR1 (सहज) और ITR2 फॉर्म भरने वाले टैक्सपेयर्स के लिए 31 जुलाई की तारीख होती है.
31 अगस्त तक किसे मिला है समय?
अगर आपकी आय का स्रोत वेतन के बजाय व्यापार या प्रोफेशन से है, तो आपके लिए आयकर विभाग की समयसीमाएं अलग हैं. ऐसे करदाता जिनकी आय किसी बिजनेस, फ्रीलांसिंग, कंसल्टेंसी या किसी पेशे से होती है और जिनके खातों का टैक्स ऑडिट जरूरी नहीं है, उन्हें 31 अगस्त तक ITR भरने की छूट होती है. ये लोग आमतौर पर ITR3 या ITR 4 फॉर्म का इस्तेमाल करते हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली की 1,511 कॉलोनियों में पक्की रजिस्ट्री शुरू! जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया और लास्ट डेट
31 अक्टूबर किसे मिला है समय?
कुछ टैक्स पेयर्स के लिए आयकर विभाग ने 31 अक्टूबर की डेडलाइन तय की है. दरअसल, जिन कारोबारियों, कंपनियों या प्रोफेशनल्स के खातों का कानूनन टैक्स ऑडिट होना अनिवार्य है, उनके लिए ITR दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर तय की गई है. लिहाजा, ऐसे करदाताओं को 31 जुलाई बीतने पर घबराने की आवश्यकता नहीं हैं, वे 31 अक्टूबर तक अपना आईटीआर फाइल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- बंद पड़े बैंक खाते को दोबारा कैसे चालू करें? जानें अनक्लेम्ड डिपॉजिट वापस पाने का पूरा तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं