Today Gold, Silver Rate On March 10: मिडिल ईस्ट के टेंशन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयान का असर अब सोन-चांदी पर भी दिखने लगा है. ट्रंप ने जैसे ही संकेत दिए कि ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म हो सकता है, निवेशकों ने सेफ इन्वेस्टमेंट के तौर पर सोने और चांदी की ओर रुख कर लिया. नतीजा यह हुआ कि मंगलवार, 10 फरवरी को सोने और चांदी की कीमतों ने एक बार फिर लंबी छलांग लगाई है.
सोने और चांदी की कीमतों में भारी उछाल (Gold Silver Price Hike)
मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी के दाम रॉकेट बन गए. सोने की कीमतों में ₹1,492 (1.1%) की तेजी आई और यह ₹1,61,791 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया. वहीं चांदी में तो जबरदस्त उछाल देखा गया; यह ₹11,179 (4%) महंगी होकर ₹2,78,339 प्रति किलोग्राम पर जा पहुंची.
ग्लोबल मार्केट में भी सोना $5,145 और चांदी $87.9 प्रति औंस के करीब ट्रेड कर रहे हैं.
क्यों महंगे हुए सोना और चांदी?
ट्रंप के बयान के बाद डॉलर थोड़ा कमजोर हुआ है, जिससे सोना खरीदना सस्ता हो गया है और इसकी डिमांड बढ़ गई है. इसके साथ ही, एनर्जी की कीमतों में कमी आने से इस बात की संभावना बढ़ गई है कि केंद्रीय बैंक ब्याज दरों में बढ़ोतरी नहीं करेंगे. ये दोनों ही बातें सोने के लिए गुड न्यूज साबित हुई हैं.
हालांकि, मिडिल ईस्ट का तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, इसलिए लोग अभी भी सोने को सबसे सुरक्षित मानकर उसमें पैसा लगा रहे हैं.

आपके शहर में क्या है सोने का ताजा भाव? (Gold Rates Today)
आज देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने के दाम कुछ इस तरह हैं...
- दिल्ली (Delhi): देश की राजधानी में आज 24K सोना ₹1,61,820 और 22K सोना ₹1,48,340 प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा है.
- मुंबई (Mumbai): मुंबई में 24K सोने का भाव ₹1,61,680 है, जबकि 22K सोना ₹1,48,200 में बिक रहा है.
- चेन्नई (Chennai): यहां सोना बाकी शहरों से थोड़ा महंगा है. यहां 24 कैरेट के लिए आपको ₹1,63,630 और 22K के लिए ₹1,48,200 खर्च करने होंगे.
- हैदराबाद (Hyderabad): यहां सोने की कीमतें मुंबई के बराबर हैं, जहां 24 कैरेट सोना ₹1,61,680 और 22K सोना ₹1,48,200 पर ट्रेड कर रहा है.
चांदी के भाव में तूफानी तेजी
चांदी की कीमतों में आई इस तूफानी तेजी का असर भारत के सभी प्रमुख शहरों में साफ देखा जा रहा है. घरेलू बाजार में चांदी के दाम ₹2,79,900 प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गए हैं, जिससे खरीदारों के पसीने छूट रहे हैं.
शहरों के हिसाब से देखें तो दिल्ली, मुंबई और कोलकाता जैसे बड़े महानगरों में चांदी ₹2,79,900 प्रति किलो के भाव पर बिक रही है. वहीं,चेन्नई और हैदराबाद में तो चांदी का भाव ₹2,90,000 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं