दरभंगा के अलीनगर की बीजेपी विधायक और मिथिला की प्रसिद्ध लोकगायिका मैथिली ठाकुर और उनके पिता पर जमीन कब्जाने का संगीन आरोप लगा है. मामला दरभंगा जिला के तारडीह अंचल स्थित पोखरभिंडा पंचायत की जमीन से जुड़ा है. ग्रामीणों ने अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर एवं उनके पिता रमेश ठाकुर पर ग्राम देवता के स्थल, सरकारी सड़क, नाले और निजी रैयती जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी एवं बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर आवेदन देकर जमीन की मापी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. हालांकि, विधायक मैथिली ठाकुर एवं उनके परिवार फिलहाल क्षेत्र से बाहर हैं. वहीं, प्रशासन ने दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाकर उनका पक्ष सुनने की बात कही है.
ग्राम देवता की जमीन पर भी कब्जे की बात
दरअसल पोखरभिंडा पंचायत में जमीन को लेकर विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक मैथिली ठाकुर एवं उनके पिता रमेश ठाकुर द्वारा जमीन पर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सार्वजनिक रास्ता बाधित हो रहा है. इतना ही नहीं, ग्राम देवता के स्थल, सरकारी सड़क, नाले और ग्रामीणों की निजी रैयती जमीन एवं निजी शमशान पर भी अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की गई है.
जमीन कब्जाने से आवाजाही व जलनिकासी में आई दिक्कत
ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी को लिखित आवेदन देकर विवादित जमीन की सरकारी अमीन से मापी कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है. शिकायत में तालाब के नाले को मिट्टी से भर दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि इससे सार्वजनिक आवागमन और जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो सकती है. ग्रामीण भगवान मिश्र, संतोष कुमार सिंह, रामदाय देवी सहित कई लोगों ने इस मामले में बीजेपी विधायक और उनके पिता के खिलाफ शिकायत की है.
सीओ ने दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाया
इस मामले में अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को जनता दरबार में उपस्थित होने के लिए कहा गया है. दोनों पक्षों की बात सुनने और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पोखरभिंडा में जमीन विवाद को लेकर ग्रामीणों की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हैं. अब देखना होगा कि जांच में अतिक्रमण के आरोपों की क्या सच्चाई सामने आती है और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है.
यह भी पढ़ें - साड़ी, सुर और सादगी, कैसे मैथिली ठाकुर बन गईं नई लाइफस्टाइल और पॉलिटिकल फैशन आइकन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं