बिहार के गांवों में अब आंखों के इलाज को लेकर बड़ा बदलाव आने वाला है. अदाणी समूह एक बड़ा सेवा अभियान शुरू कर रहा है, जिसका मकसद गांवों से आंखों की बीमारी को दूर करना है. इसके लिए अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी बिहार के मस्तीचक जाकर भूमि पूजा करेंगे. ये योजना अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के साथ मिलकर शुरू की जा रही है. इसका लक्ष्य है कि गांवों और पिछड़े इलाकों में रहने वाले लोगों को सस्ता और अच्छा आंखों का इलाज मिल सके, क्योंकि अभी वहां बुनियादी जांच की कमी है. जब ये प्रोजेक्ट पूरी तरह शुरू हो जाएगा, तो ये दुनिया के सबसे बड़े ग्रामीण नेत्र उपचार नेटवर्क में शामिल हो सकता है.
'सेवा ही साधना है'
अदाणी समूह की ये पहल चेयरमैन गौतम अदाणी के मंत्र ‘सेवा ही साधना है' से प्रेरित है. कंपनी देश के विकास और समाज की भलाई के अपने लक्ष्य में अब बिहार को खास प्राथमिकता दे रही है. साल 2022 में अपने 60वें जन्मदिन पर गौतम अदाणी और उनके परिवार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट के लिए 60,000 करोड़ रुपये दान करने का बड़ा वादा किया था. इसके बाद, बेटे जीत अदाणी की शादी के मौके पर इस सामाजिक कार्य में 10,000 करोड़ रुपये और जोड़ दिए गए. अदाणी समूह का समाज सेवा करने का जज्बा उनके कामों में भी साफ दिखता है. जैसे महाकुंभ 2025 में 50 लाख लोगों को भोजन कराना और पुरी जगन्नाथ रथ यात्रा में 40 लाख भक्तों को खाना खिलाना.
मिटेगा गांवों का अंधकार
बिहार के सारण जिले के एक छोटे से गांव मस्तीचक से साल 2005 में महज 30 बिस्तरों से शुरू हुआ अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल आज देश का गौरव है. ये अस्पताल अब तक 14 लाख से अधिक गरीब मरीजों की आंखों का सफल ऑपरेशन कर उन्हें नई रोशनी दे चुका है. दूसरी तरफ, अदाणी फाउंडेशन का विजन केयर कार्यक्रम देश के 11 राज्यों में चल रहा है. साल 2024 से अब तक फाउंडेशन ने करीब 1.93 लाख लोगों की आंखों की जांच की है और 59,000 से ज्यादा जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे बांटे हैं. अब जब अखंड ज्योति का जमीनी अनुभव और अदाणी समूह के संसाधन एक साथ आ रहे हैं, तो भारत के गांवों का अंधकार जल्द ही मिट सकता है.
इलाज के साथ मिलेगा रोजगार
मस्तीचक में शुरू होने वाले इस नए सेंटर में सिर्फ मरीजों की आंखों का इलाज ही नहीं होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट की योजनाएं भी शुरू की जाएंगी. यहां युवाओं को ऑप्टोमेट्री और पैरामेडिकल स्टाफ की वर्ल्ड-क्लास ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे बिहार के गांवों में ही रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे. ये अभियान इलाज, ट्रेनिंग और सस्ती स्वास्थ्य सेवाओं को एक साथ जोड़कर बिहार के लाखों परिवारों के जीवन में नया उजाला लाने के लिए तैयार है.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं