विज्ञापन

मस्क ला रहे 7.19 लाख करोड़ रुपये का IPO, क्या SpaceX में पैसा लगा सकते हैं भारतीय निवेशक?

Elon Musk SpaceX IPO Date: एलोन मस्क की एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) अगले हफ्ते अमेरिकी बाजार में अपने मेगा IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर फाइल करने जा रही है. 12 जून तक नैस्डैक (Nasdaq) पर लिस्टिंग का टारगेट है. जानिए भारतीय निवेशक इस मेगा आईपीओ में कैसे पैसा लगा सकते हैं, क्या हैं आरबीआई के नियम और निवेश का स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस.

मस्क ला रहे 7.19 लाख करोड़ रुपये का IPO,  क्या SpaceX में पैसा लगा सकते हैं भारतीय निवेशक?
Elon Musk SpaceX IPO Date: मस्क की स्पेसएक्स का 12 जून तक नैस्डैक (Nasdaq) पर लिस्टिंग का टारगेट है

Elon Musk SpaceX IPO Date: टेक दुनिया के बड़े नाम एलन मस्क एक बार फिर बाजार में हलचल मचाने की तैयारी कर रहे हैं. उनकी सैटेलाइट और रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स अगले हफ्ते अपने IPO के लिए जरूरी कागजात फाइल कर सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी का टारगेट 12 जून तक अमेरिकी शेयर बाजार के नैस्डैक एक्सचेंज पर लिस्ट होने का है. आईपीओ की कीमत करीब 7.19 लाख करोड़ रुपये रह सकती है. इस खबर के आते ही ना केवल अमेरिका बल्कि भारत के साथ दुनिया भर के रिटेल निवेशकों में उत्साह देखा जा रहा है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या भारतीय निवेशक एलन मस्क की इस कंपनी में पैसा लगा सकते हैं? और अगर हां, तो इसका पूरा प्रोसेस क्या है? आइए इस खबर में ए टू ज़ेड सब कुछ आसान भाषा में समझते हैं.

कितना बड़ा है मस्क की स्पेसएक्स का IPO?

स्पेसएक्स के आईपीओ के लिए 11 जून तक शेयर की कीमत तय हो सकती है और 12 जून को शेयर बाजार में लिस्टिंग हो सकती है. हालांकि, ये तारीखें अभी बदल भी सकती हैं. रिपोर्ट के अनुसार, स्पेसएक्स Nasdaq एक्सचेंज पर लिस्ट होगी और इसका शेयर 'SPCX' नाम से ट्रेड हो सकता है. जैसा हमने आपको शुरू में बताया कि इस IPO के जरिए कंपनी लगभग 75 अरब डॉलर यानी करीब 7.19 लाख करोड़ रुपये जुटाना चाहती है और उसकी कुल कीमत 2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकती है. अगर ऐसा हुआ, तो ये दुनिया का सबसे बड़ा IPO होगा.

क्या भारतीय निवेशक सीधे SpaceX IPO में पैसा लगा सकते हैं?

सबसे पहले एक बात समझ लीजिए कि भारतीय आम निवेशक सीधे स्पेसएक्स के IPO में पैसे नहीं लगा सकते. अमेरिका के नियमों के अनुसार, IPO में हिस्सा लेने के लिए वहां का नागरिक या बहुत बड़े संस्थागत निवेशक होना जरूरी है. लेकिन परेशान होने की कोई बात नहीं है. जैसे ही 12 जून को स्पेसएक्स के शेयर नैस्डैक पर लिस्ट हो जाएंगे, उसके बाद ये सभी के लिए खरीदने के लिए मौजूद होंगे. यानि, भारत में बैठा कोई भी निवेशक तब इन शेयरों को वैसा ही खरीद सकता है, जैसे आज वो एप्पल, टेस्ला या गूगल जैसी कंपनियों के शेयर खरीदता है. बस थोड़ा प्रोसेस अलग रहेगा.

भारतीय निवेशकों के लिए SpaceX में पैसे लगाने के 2 आसान तरीके

  • इंटरनेशनल ऐप्स

आज के समय में विदेश के शेयर खरीदना बहुत आसान हो गया है. आप INDMoney, Vested या Groww जैसे ऐप्स पर अकाउंट खोल सकते हैं. इन ऐप्स के जरिए आप सीधे अपने मोबाइल से अमेरिका के शेयर, जैसे स्पेसएक्स, आसानी से खरीद सकते हैं.

  • बड़े ब्रोकर या बैंक के जरिए

अगर आप पुराने और भरोसेमंद तरीके से निवेश करना चाहते हैं, तो ICICI Direct, HDFC Securities या Kotak Securities जैसे बैंकों और ब्रोकर के जरिए भी निवेश कर सकते हैं. इसके लिए आपको उनका ओवरसीज ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाना होगा, जिसके बाद आप विदेश के शेयर खरीद सकेंगे.

Elon Musk SpaceX IPO Date

Elon Musk SpaceX IPO Date

भारत में कैसे खरीदें SpaceX के शेयर?

स्टेप 1: इंटरनेशनल अकाउंट खोलें और KYC करें

सबसे पहले किसी इंटरनेशनल ऐप या बैंक के ओवरसीज प्लेटफॉर्म पर जाकर अकाउंट खोलें. फिर PAN कार्ड और दूसरी जरूरी जानकारी देकर अपनी KYC पूरी करें. ये पूरा प्रोसेस ऑनलाइन होता है.

स्टेप 2: भारत से पैसे विदेश भेजें

RBI के नियमों के अनुसार, आप एक साल में ज्यादा से ज्यादा 2.5 लाख डॉलर तक विदेश भेज सकते हैं. अपने बैंक से पैसे ट्रांसफर करें, जो रुपये को डॉलर में बदलकर आपके इंटरनेशनल अकाउंट में डाल देगा.

स्टेप 3: 'SPCX; सर्च करें

जब आपके अकाउंट में डॉलर आ जाएं, तो 12 जून के बाद ऐप में जाकर SPCX सर्च करें. यही SpaceX का शेयर नाम हो सकता है. अमेरिकी बाजार भारत के समयानुसार शाम 7:30 बजे खुलता है और रात 2 बजे बंद होता है. उसी समय आप मस्क की कंपनी में पैसा लगा सकते हैं.

अमेरिकी बाजार में पैसा लगाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

हो सकता है स्पेसएक्स का एक पूरा शेयर बहुत महंगा हो, लेकिन परेशानी की बात नहीं है. अमेरिका में आप पूरा शेयर खरीदने की जगह उसका छोटा हिस्सा भी खरीद सकते हैं. यानी ₹1,000–₹5,000 से भी निवेश शुरू कर सकते हैं.

अगर आप साल भर में 7 लाख रुपये से ज्यादा पैसा विदेश भेजते हैं, तो उस पर 20% TCS कटेगा. लेकिन इस अमाउंट को बाद में ITR भरते समय वापस ले सकते हैं या टैक्स में एडजस्ट कर सकते हैं.

जब आप भारत से अमेरिका पैसे भेजते हैं, तो बैंक कुछ चार्ज लेता है. इसमें करेंसी बदलने की फीस जैसे 0.5% से 2% और SWIFT चार्ज, 500 से लेकर 1000 रुपये तक शामिल होते हैं. इसलिए बार-बार छोटे अमाउंट भेजने के बजाय एक बार में ज्यादा पैसा भेजना बेहतर होता है.

ये भी पढ़ें-संडे को संकट! Gig Workers की हड़ताल से ओला-उबर, स्विगी-जोमैटो, जेप्‍टो-ब्लिंकिट सब रहेगा ठप, टाइमिंग नोट कर लें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com