Gas Cylinder Booking New Rule: देश के करोड़ों रसोई गैस (LPG) यूजर्स के लिए एक बेहद राहत भरी खबर आई है. सरकार ने गैस बुकिंग के नियमों में एक बड़ा बदलाव कर दिया है. अगर आप किसी गांव या ग्रामीण इलाके में रहते हैं, तो पहले एक सिलेंडर बुक करने के बाद दूसरा सिलेंडर बुक करने के लिए आपको पूरे 45 दिनों का इंतजार करना पड़ता था. जबकि शहरों में यह नियम सिर्फ 25 दिनों का था.अब आपको दूसरे सिलेंडर की बुकिंग के लिए हफ्तों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
हालांकि, अब सरकार ने गांवों और शहरों के बीच का यह फर्क पूरी तरह खत्म कर दिया है. अब चाहे आप गांव में रहते हों या शहर में, आप हर 25 दिन में अपना अगला एलपीजी सिलेंडर बुक कर सकते हैं. केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इस बड़े फैसले की जानकारी दी है.
उन्होंने बताया कि सरकार ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियो (OMCs) को निर्देश जारी कर दिया है कि वे इस बदले हुए नियम को तुरंत प्रभाव से लागू करें. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी पत्र की कॉपी भी शेयर की, जिसमें सभी ऑयल कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच सिलेंडर रिफिल का समय पूरी तरह से एक समान रखा जाए.
आखिर LPG बुकिंग पर क्यों लगी थी 45 दिनों की लिमिट?
दरअसल, मिडल ईस्ट में जंग और अमेरिका-ईरान के बीच तनाव की वजह से होर्मुज के रास्ते से आने वाले क्रूड ऑयल और गैस की सप्लाई पर भा असर पड़ा था. देश में एलपीजी की कमी न हो और कोई गैस की कालाबाजारी न करे, इसलिए सरकार ने बुकिंग का समय बढ़ाकर शहरों में 25 दिन और गांवों में 45 दिन कर दिया था.
लेकिन अब अच्छी खबर यह है कि देश में एलपीजी गैस की सप्लाई बिल्कुल नॉर्मल हो चुकी है. सिलेंडरों का बैकलॉग खत्म हो गया है और तेल कंपनियों के पास भरपूर गैस का स्टॉक मौजूद है. इसीलिए सरकार ने इस पाबंदी को हटा दिया है
इससे पहले जून के महीने से ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पर लगी पाबंदियों को भी धीरे-धीरे पूरी तरह हटा लिया गया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं