प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल अंबानी ग्रुप के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने बैंक फ्रॉड से जुड़े दो मामलों में करीब 510 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्तियां अटैच की हैं. इनमें दो चार्टर्ड विमान, जमीन के छह प्लॉट और महाराष्ट्र में एक ऑफिस परिसर शामिल हैं.
ED के मुताबिक, रिलायंस कम्युनिकेशन (RCOM) मामले में 247.12 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं. वहीं, रिलायंस होम फाइनेंस (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस (RCFL) से जुड़े मामले में 263.05 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं.
विंडमिल, बैंक बैलेंस और निवेश भी अटैच
ED की कार्रवाई में तमिलनाडु में दो विंडमिल, बैंक बैलेंस, फिक्स्ड डिपॉजिट और निवेश से जुड़ी संपत्तियां भी शामिल हैं.
एजेंसी के मुताबिक, अब तक अनिल अंबानी ग्रुप के खिलाफ करीब 23,100 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच या जब्त की जा चुकी हैं.
किन कंपनियों के खिलाफ जांच?
ED ने CBI दिल्ली, दिल्ली आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और मुंबई EOW की FIR के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी.
जांच के दायरे में रिलायंस कम्युनिकेशन, रिलायंस होम फाइनेंस, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस पावर और रिलायंस कैपिटल शामिल हैं.
बैंकों से मिले पैसों को डायवर्ट करने का आरोप
ED की जांच में आरोप है कि बैंकों और वित्तीय संस्थानों से मिले सार्वजनिक धन को दूसरी जगह डायवर्ट किया गया. जांच में दिवाला और दिवालियापन संहिता (IBC) के कथित दुरुपयोग और भारत से पैसा विदेशी टैक्स हेवन में भेजने के आरोप भी सामने आए हैं.
एजेंसी के मुताबिक, बड़ी रकम का इस्तेमाल प्रमोटर्स और उनके परिवार के निजी फायदे के लिए किया गया.
अब तक 10 गिरफ्तारियां, जांच जारी
ED इन मामलों में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत छह चार्जशीट और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत एक चार्जशीट दाखिल की है. मामले में ED की जांच अभी जारी है.
यह भी पढ़ें | अनिल अंबानी ग्रुप पर CBI की बड़ी कार्रवाई, मुंबई-दिल्ली में 15 जगह छापेमारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं