शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए इस हफ्ते डिविडेंड से कमाई का खास मौका है. टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), वेदांता, आनंद राठी वेल्थ और केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. इन कंपनियों की रिकॉर्ड डेट 14 से 16 अक्टूबर 2026 के बीच है. ऐसे में निवेशकों के लिए यह जानना जरूरी है कि कौन ली कंपनी प्रति शेयर कितना डिविडेंड बांटने जा रही है और इसका फायदा किसे मिलेगा.
TCS देगी 12 रुपये का डिविडेंड
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी TCS ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर 12 रुपये के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. कंपनी ने 14 अक्टूबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है. इसके तहत पात्र शेयरधारकों को डिविडेंड का पेमेंट 30 अक्टूबर को किया जाएगा.कंपनी के बोर्ड ने 8 अक्टूबर को हुई बैठक में यह फैसला लिया था. इससे पहले जुलाई 2026 में भी TCS ने 12 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया था. इस तरह वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक कंपनी का घोषित अंतरिम डिविडेंड 24 रुपये प्रति शेयर हो गया है.
वेदांता के शेयर पर 5 रुपये मिलेंगे
वेदांता ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹1 फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 5 रुपये का पहला अंतरिम डिविडेंड मंजूर किया है. कंपनी ने इसके लिए 14 अक्टूबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की है. इस डिविडेंड पर कंपनी कुल करीब ₹1,955 करोड़ खर्च करेगी.
आनंद राठी वेल्थ हर शेयर पर देगी 4 रुपये का डिविडेंड
आनंद राठी वेल्थ ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹5 फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर ₹4 के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है. यह शेयर की फेस वैल्यू का 80% है. कंपनी ने 15 अक्टूबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया है.
केनरा रोबेको बांट रही ₹2 प्रति शेयर डिविडेंड
केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने ₹10 फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर ₹2 के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है. यह शेयर की फेस वैल्यू का 20% है. इसके लिए 16 अक्टूबर 2026 रिकॉर्ड डेट तय की गई है.कंपनी के मुताबिक, डिविडेंड का भुगतान घोषणा की तारीख से 30 दिनों के भीतर किया जाएगा. इसका फायदा उन शेयरधारकों को मिलेगा, जिनके नाम रिकॉर्ड डेट पर कंपनी के रजिस्टर या डिपॉजिटरी रिकॉर्ड में दर्ज होंगे.
रिकॉर्ड डेट का रखें खास ध्यान
रिकॉर्ड डेट वह तारीख होती है, जिसके आधार पर कंपनी तय करती है कि किन शेयरधारकों को डिविडेंड मिलेगा. डिविडेंड पाने के लिए शेयर खरीदने से पहले एक्स-डिविडेंड डेट और लागू सेटलमेंट नियमों का ध्यान रखना जरूरी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं