7th Pay Commission DA Hike: देश भर के केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर इन दिनों जुलाई 2026 के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी के ऐलान का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इस बीच ज्यादातर कर्मचारियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जुलाई से बढ़ने वाला DA आखिर 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) के तहत मिलेगा या फिर 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission News) के हिसाब से मिलेगा? सवाल ये भी है कि इस बार यानी जुलाई में महंगाई भत्ता कितना बढ़ने वाला है. अब महंगाई के ताजा आंकड़ों के बाद तस्वीर काफी हद तक साफ होती दिख रही है...
जुलाई 2026 में कितना बढ़ सकता है DA?
लेबर ब्यूरो की ओर से जारी मई 2026 के CPI-IW (Consumer Price Index for Industrial Workers) के मुताबिक इंडेक्स अप्रैल के 149.9 से बढ़कर 150.8 पर पहुंच गया है. अभी तक उपलब्ध महंगाई के आंकड़ों के आधार पर फिलहाल अनुमान है कि जुलाई 2026 से महंगाई भत्ते (DA) में करीब 3% की बढ़ोतरी हो सकती है.हालांकि यह अभी अंतिम आंकड़ा नहीं है. जून 2026 का CPI-IW डेटा जारी होने के बाद ही DA बढ़ोतरी की अंतिम दर तय होगी.
जुलाई का DA 7वें वेतन या 8वें से आयोग से मिलेगा?
फिलहाल जुलाई 2026 का महंगाई भत्ता मौजूदा 7वें वेतन आयोग के तहत ही दिया जाएगा. यानी कर्मचारियों को फिलहाल 7th Pay Commission के नियमों के अनुसार बढ़ा हुआ DA मिलेगा.हालांकि सरकार जब भी 8वें वेतन आयोग को लागू करेगी और नई सैलरी स्ट्रक्चर लागू होगा, तब कर्मचारियों को रिवाइडज्ड बेसिक पे के हिसाब से DA का अंतर एरियर (Arrears) के रूप में दिया जा सकता है. यह अंतिम सिफारिशों और सरकार की मंजूरी पर निर्भर करेगा.
8वां वेतन आयोग लागू होने पर कैसे मिलेगा एरियर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 8वां वेतन आयोग देर 2027 तक लागू हो सकता है. हालांकि इसकी प्रभावी तारीख 1 जनवरी 2026 से मानी जा सकती है. ऐसे में कर्मचारियों को करीब 18 से 24 महीने का एरियर मिलने की संभावना जताई जा रही है.
कर्मचारी संगठनों के अनुसार ,आमतौर पर नया वेतन आयोग लागू होने पर DA को 0% से रीसेट किया जाता है. इसके बाद हर छह महीने में नया DA जोड़ा जाता है. ऐसे में जनवरी से जून 2026 तक का कोई DA बकाया नहीं रहेगा, लेकिन जुलाई 2026 से 7वें वेतन आयोग के तहत मिला DA और 8वें वेतन आयोग के हिसाब से बनने वाले DA के बीच का अंतर बाद में एरियर के रूप में दिया जा सकता है.
DA में बढ़ोतरी का ऐलान कब हो सकता है?
महंगाई भत्ता हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई से प्रभावी माना जाता है. हालांकि इसका आधिकारिक ऐलान कुछ महीने बाद किया जाता है.उम्मीद है कि जुलाई 2026 के DA Hike का ऐलान अक्टूबर या दिवाली के आसपास किया जा सकता है. अगर बढ़ोतरी 3% रहती है तो कर्मचारियों को बढ़ा हुआ DA लागू होने की तारीख से मिलेगा और बाद में 8वें वेतन आयोग के लागू होने पर रिवाइज्ड सैलरी के हिसाब से अंतर का भुगतान किया जा सकता है.
जुलाई 2026 का DA किस फॉर्मूले से तय होगा?
महंगाई भत्ते की गणना पिछले 12 महीनों के CPI-IW के औसत के आधार पर की जाती है. मई 2026 तक के आंकड़े जारी हो चुके हैं और अब सिर्फ जून 2026 का डेटा आना बाकी है.इसी अंतिम आंकड़े के बाद जुलाई 2026 के DA में बढ़ोतरी तय होगी. फिलहाल उपलब्ध डेटा के आधार पर करीब 3% DA बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है.
पिछली बार कितना बढ़ा था DA?
केंद्र सरकार ने इससे पहले 1 जनवरी 2026 से लागू होने वाले महंगाई भत्ते में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी. इसके बाद DA 58% से बढ़कर 60% हो गया था. इस फैसले को 18 अप्रैल को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी थी, जिससे 1 करोड़ से ज्यादा केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स को फायदा मिला.
कर्मचारियों को DA, एरियर मिलने का इंतजार
फिलहाल कर्मचारियों की नजर सरकार के अगले बड़े फैसले पर टिकी है. सरकार की ओर से अभी 8वें वेतन आयोग की लागू होने की तारीख, फिटमेंट फैक्टर, नई पे मैट्रिक्स और DA ट्रांजिशन फॉर्मूला का आधिकारिक ऐलान होना बाकी है. जब तक इसको लेकर कोई अपडेट नहीं आती, तब तक जुलाई 2026 का DA 7वें वेतन आयोग के तहत ही मिलने की संभावना है. बाद में 8वां वेतन आयोग लागू होने पर पात्र कर्मचारियों को बढ़ी हुई सैलरी के अनुसार एरियर का फायदा मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- PM Kisan 24th Installment: 24वीं किस्त आने से तुरंत पहले निपटा लें 5 जरूरी काम, वरना नहीं मिलेंगे 2000 रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं