दिवाली से पहले उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों को राज्य सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही, कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा.
केंद्र सरकार की तर्ज पर फैसला, जुलाई से ही लागू
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, केंद्र की मोदी सरकार ने पहले ही 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की दर में 3 फीसदी बढ़ोतरी करके उसे 63 फीसदी कर दिया था, जो 1 जुलाई 2026 से प्रभावी है.
इसी तर्ज पर, मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के बराबर महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
इन कर्मचारियों को भी मिलेगा फायदा
राज्य सरकार के कर्मचारियों के अलावा, इस फैसले का लाभ स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राज्य विश्वविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों में काम करने वाले पात्र कर्मचारियों और UGC वेतनमान के तहत वेतन पाने वाले लोगों को भी मिलेगा.
यह भी पढ़ें | केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए दिवाली से पहले बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी
4 महीने का एरियर मिलेगा
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद, 1 जुलाई 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के लिए महंगाई भत्ते का अंतर (बढ़ी हुई राशि) पात्र कर्मचारियों को बकाया (arrears) के रूप में नकद भुगतान किया जाएगा.
यह मंजूरी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा के बाद आई है, जिससे ये दर 1 जुलाई 2026 से 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है.
यह भी पढ़ें | पंजाब के कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट, खातों में भेजे जाएंगे 3988 करोड़ रुपये, जानिए अब कितना मिलेगा DA
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं