विज्ञापन

Petrol Diesel Prices: सऊदी की तेल रिफाइनरीज पर हूतियों का हमला, कच्‍चा तेल उछला! जानिए आज आपके शहर में क्‍या हैं पेट्रोल डीजल के दाम

Petrol Prices, Diesel Rates Today: मिडिल ईस्‍ट में बढ़ते तनाव और हूती हमलों के दावों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 97 डॉलर के करीब पहुंच गया है. जानिए भारत के प्रमुख शहरों में 27 नवंबर को पेट्रोल और डीजल की ताजा कीमतें क्या हैं.

Petrol Diesel Prices: सऊदी की तेल रिफाइनरीज पर हूतियों का हमला, कच्‍चा तेल उछला! जानिए आज आपके शहर में क्‍या हैं पेट्रोल डीजल के दाम
पेट्रोल डीजल के दाम आज 27 नवंबर, शुक्रवार को क्‍या हैं?

Crude Oil Jumps: मध्य पूर्व में गहराते तनाव और सऊदी अरब की प्रमुख ऑयल रिफाइनरियों पर हूती विद्रोहियों के हमलों के दावों के बाद ग्लोबल ऑयल मार्केट में हलचल तेज हो गई है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड उछलकर 96.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल (WTI) 2.19 फीसदी चढ़कर 85.51 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा है. हालांकि, इन अंतरराष्ट्रीय हलचलों के बीच यहां भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं. यहां इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और HP जैसी सरकारी तेल कंपनियों ने 27 नवंबर के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई खास बदलाव नहीं किया है. 

आज प्रमुख शहरों में क्‍या भाव है पेट्रोल-डीजल? 

देश के प्रमुख शहरों में आज 27 नवंबर, शुक्रवार को पेट्रोल 102 रुपये से 113 रुपये प्रति लीटर के बीच बिक रहा है, जबकि डीजल 95 से 99 रुपये के भाव के आसपास बिक रहा है. दिल्‍ली में XP95 पेट्रोल 109.24 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर है.

सस्‍ते-महंगे की नजर से देखें तो कोलकाता में पेट्रोल, दिल्‍ली की तुलना में10 रुपये से ज्‍यादा महंगा है. वहीं डीजल भी करीब 4 रुपये महंगा है. इस हिसाब से दिल्‍ली में पेट्रोल-डीजल सस्‍ता है. यहां देखें 5 प्रमुख शहरों के दाम. 

  1. दिल्ली: सामान्य डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर और E20 पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर है. 
  2. मुंबई: पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
  3. कोलकाता: पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है.
  4. चेन्नई: पेट्रोल 107.76 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर पर है.
  5. लखनऊ: पेट्रोल 102.05 रुपये और डीजल 99.28 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.

किन रिफाइनरियों पर हमले का दावा और क्यों बढ़ी चिंता?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की जाजान और रास तानूरा रिफाइनरियों को निशाना बनाने का दावा किया है, जिससे तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका गहरा गई है. रास तानूरा रिफाइनरी की क्षमता 5,00,000 बैरल प्रतिदिन और जाजान रिफाइनरी की क्षमता 4,00,000 बैरल प्रतिदिन है. हालांकि, सऊदी प्रशासन की ओर से इन हमलों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. इसके साथ ही ईरान और हूती गतिविधियों के बीच अहम तेल मार्ग 'होर्मुज स्ट्रेट' पर संभावित खतरे ने बाजार की चिंता और बढ़ा दी है.

भारत पर संभावित असर

भारत अपनी कच्चे तेल की बड़ी जरूरत आयात के जरिए पूरी करता है. ऐसे में कच्चे तेल के दाम चढ़ने से देश का आयात बिल बढ़ सकता है, जिसका असर रुपये की चाल, महंगाई और आगे चलकर ईंधन के खुदरा दामों पर दिख सकता है. फिलहाल तेल कंपनियों ने घरेलू बाजार में ग्राहकों के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं और आम लोगों के लिए राहतें बरकरार है. 

(Inputs: Reuters, ANI, Indian Oil, Investing.com)

यह भी पढ़ें | भारत एकमात्र देश, जहां पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं के बराबर बढ़े! पेट्रोलियम मंत्री बोले- 4 साल में कम ही हुए रेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Petrol Diesel Rates, Petrol Prices In India, Diesel Prices In India, Petrol Diesel Prices Today, Petrol Diesel Availability
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com