विज्ञापन

26 साल बाद लौट रहा बच्चों का फेवरेट गोल्ड स्पॉट, कोका-कोला ने की तैयारी, फैंटा को मिलेगी टक्कर!

बचपन की यादों से जुड़ा गोल्ड स्पॉट 26 साल बाद फिर बाजार में दस्तक देने जा रहा है. कभी बच्चों की पहली पसंद रहे इस ऑरेंज ड्रिंक को कोका-कोला अब कम चीनी और शुगर-फ्री अवतार में उतारने की तैयारी कर रही है. दिलचस्प बात यह है कि जिस फैंटा को आगे बढ़ाने के लिए गोल्ड स्पॉट को बंद किया गया था, अब उसी कंपनी के पोर्टफोलियो में इसकी वापसी होने जा रही है.

26 साल बाद लौट रहा बच्चों का फेवरेट गोल्ड स्पॉट, कोका-कोला ने की तैयारी, फैंटा को मिलेगी टक्कर!
फैंटा को टक्कर देने लौट रहा गोल्ड स्पॉट
NDTV Graphics
नई दिल्ली:

भारत का पॉपुलर ऑरेंज फ्लेवर वाला सॉफ्ट ड्रिंक गोल्ड स्पॉट (Gold Spot) एक बार फिर बाजार में वापसी करने जा रहा है. करीब 26 साल बाद इस पुराने ब्रांड को दोबारा लॉन्च करने की तैयारी है. ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, यह ड्रिंक अगले हफ्ते तक बाजार में उपलब्ध हो सकता है. खास बात यह है कि इस बार कंपनी इसे कम चीनी और बिना चीनी वाले विकल्पों में पेश करने की तैयारी कर रही है.

गोल्ड स्पॉट की वापसी ऐसे समय हो रही है, जब सॉफ्ट ड्रिंक बाजार में कम्पटीशन लगातार बढ़ रही है. दूसरी तरफ, लोग अब कम चीनी और शुगर-फ्री ड्रिंक्स को भी पसंद कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस ड्रिंक को कम चीनी और बिना चीनी वाले वेरिएंट में उतार सकती है, ताकि इसकी वजह से उसके दूसरे पॉपुलर ब्रांड फैंटा की बिक्री पर असर न पड़े. कंपनी से जुड़े एक अधिकारी के मुताबिक, किसी पुराने और पॉपुलर ब्रांड को दोबारा बाजार में उतारना आसान नहीं होता. इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि कंपनी इसके प्रचार, डिस्ट्रीब्यूशन और मार्केट में पहुंच बनाने के लिए कितना निवेश करती है. साथ ही, प्रोडक्ट की क्वालिटी और लॉन्चिंग की स्ट्रेटजी भी अहम होगी.

धोनी-साक्षी के हाथ में दिखा गोल्ड स्पॉट

गोल्ड स्पॉट की वापसी को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा शुरू हो गई है. हाल ही में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी को सोशल मीडिया पर गोल्ड स्पॉट के कैन के साथ देखा गया. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि धोनी को ब्रांड के प्रचार के लिए कंपनी ने साइन किया है या नहीं. 

कैसे शुरू हुआ था गोल्ड स्पॉट का सफर?

गोल्ड स्पॉट की शुरुआत साल 1977 में हुई थी. इसे पारले बिसलेरी के मालिक ने थम्स अप और लिम्का जैसे ब्रांड के साथ भारतीय बाजार में उतारा था. उस समय कोका-कोला भारतीय बाजार से बाहर हो चुकी थी और पेप्सिको भी धीमी बिक्री के चलते अपना कारोबार समेट चुकी थी. गोल्ड स्पॉट ने जल्द ही बच्चों और युवाओं के बीच अपनी खास पहचान बना ली. जन्मदिन की पार्टियों और गर्मियों की छुट्टियों में यह बच्चों की पसंदीदा ड्रिंक्स में शामिल हो गया. 1980 के दशक के मध्य में कंपनी ने इसका मशहूर टैगलाइन 'द जिंग थिंग' (The Zing Thing) पेश किया. इसके विज्ञापनों में युवाओं की मस्ती और बेफिक्री को दिखाया जाता था. इससे ब्रांड की पॉपुलैरिटी और बढ़ गई. 

1993 में कोका-कोला ने गोल्ड स्पॉट को खरीदा था

साल 1993 में कोका-कोला ने थम्स अप, लिम्का और माजा के साथ गोल्ड स्पॉट को भी खरीद लिया. इस पूरे सौदे की कीमत 4 करोड़ डॉलर थी. इसके बाद कोका-कोला ने अपने दूसरे ऑरेंज फ्लेवर वाले ड्रिंक फैंटा को आगे बढ़ाने के लिए गोल्ड स्पॉट को बाजार से हटा दिया. अब करीब 26 साल बाद इसकी वापसी की तैयारी है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पुरानी यादों के साथ लौटने वाला यह ब्रांड नए दौर के ग्राहकों को कितना पसंद आता है?
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coca Cola, Fanta
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com