Bhogapuram International Airport News: आंध्र प्रदेश के नागर विमानन क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है. दरअसल, विजयनगरम जिले में भोगापुरम स्थित नवनिर्मित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 17 अगस्त को रात 12:01 बजे से सभी कमर्शियल उड़ान सेवाएं आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाएंगी.
नागर विमानन मंत्रालय के मुताबिक पुराने विशाखापत्तनम एयरपोर्ट के सिविल एन्क्लेव से सभी कमर्शियल उड़ानों का परिचालन बंद करके उन्हें पूरी तरह से भोगापुरम इंटरनेशनल ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर शिफ्ट कर दिया गया है.
31 प्लेन भरेंगे उड़ान
परिचालन के पहले ही दिन देश के प्रमुख महानगरों और शहरों के लिए हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही विशाखापत्तनम एयरपोर्ट का मौजूदा अंतरराष्ट्रीय कोड VTZ अब भोगापुरम एयरपोर्ट को ट्रांसफर कर दिया गया है. संचालन के पहले दिन हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता और तिरुपति के लिए कुल 31 उड़ान सेवाएं संचालित होंगी. विशाखापत्तनम एयरपोर्ट पर कमर्शियल उड़ानें बंद होने के बावजूद राष्ट्रीय आपातकाल, भारतीय वायुसेना, सशस्त्र बलों, पुलिस और विशेष सरकारी वीआईपी विमानों के आवागमन की अनुमति बनी रहेगी.
एयरपोर्ट की लागत, इंफ्रास्ट्रक्चर और क्षमता
कुल निर्माण लागत : लगभग 4,727 करोड़ रुपये
कुल क्षेत्रफल : 2,703.26 एकड़ इसमें 2,203 एकड़ एयरपोर्ट और 500 एकड़ एविएशन हब शामिल है.
रनवे क्षमता: 3,800 मीटर लंबा कोड-ई जो बोइंग 777 और एयरबस A330 के लिए उपयुक्त है.
यात्री क्षमता: प्रथम चरण में 60 लाख/वर्ष जो भविष्य में 4 करोड़ प्रति वर्ष तक विस्तार की योजना है.
मंजूरियां : DGCA एयरोड्रोम लाइसेंस, सुरक्षा, अग्निशमन व पर्यावरण मंजूरी प्राप्त.
उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के चालू होने से न केवल हवाई यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पूर्ववर्ती विशाखापट्टनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिलों में आर्थिक गतिविधियों को बड़ा उछाल मिलेगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना से तटीय आंध्र में पर्यटन, औद्योगिक निवेश, लॉजिस्टिक्स हब, एक्सपोर्ट-इंपोर्ट और एयरोस्पेस रक्षा क्षेत्रों का तेजी से विस्तार होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं