Bank Holiday Today on Saturday,September 12: आज यानी 12 सितंबर 2026 को आपको बैंक जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो घर से निकलने से पहले एक बार जरूर पता कर लें कि आपके शहर में बैंक खुला है या नहीं (Bank Open Or closed Today). वरना जिस काम से आप बैंक जाएंगे, वो तो अटकेगा ही, साथ ही आपका समय भी बेकार में बर्बाद होगा. आज महीने का दूसरा शनिवार है. ज्यादातर लोग इसी वजह उलझन में हैं कि आज बैंक की छुट्टी तो नहीं?कई लोगों को कन्फ्यूजन रहता है कि शनिवार को बैंक कब खुलते हैं और कब बंद.
आरबीआई के मुताबिक, देश के सभी बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को पूरी तरह बंद रहते हैं, जबकि पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक सामान्य दिनों की तरह खुले रहते हैं. यानी बता दें कि आज देशभर में सभी बैंक बंद रहने वाले हैं. लेकिन इस बार पेंच यह फंसा है कि दूसरे शनिवार और रविवार की छुट्टी के तुरंत बाद कई त्योहार और हड़ताल एक साथ पड़ रहे हैं. कल रविवार 13 सितंबर को भी रविवार की छुट्टी के कारण बैंक बंद रहेंगे. ऐसे में बैंकों में लगातार कई दिनों की छुट्टी की वजह से आपका जरूरी काम अटक सकता है.
सितंबर में बैंकों की छुट्टियों की भरमार
कल 11 सितंबर को बैंक हड़ताल (Bank Strike) की वजह से कई जगह कामकाज पर असर पड़ा था. आने वाले दिनों में 28, 29 और 30 सितंबर को भी बैंक स्ट्राइक का ऐलान किया गया है. इतना ही नहीं, अगले हफ्ते कई शहरों में त्योहारों के कारण बैंक बंद रहने वाले हैं. आरबीआई की छुट्टियों की लिस्ट (RBI Holiday List ) में कहीं लगातार 3 दिन, तो कहीं 4 दिनों की लंबी छुट्टियां पड़ रही हैं. ऐसे में बैंक जाने से पहले यह जानना जरूरी है कि आपके शहर में बैंक-कब-कब बंद रहेगा और कब बैंक खुला रहने वाला है.
14 सितंबर को कई शहरों में बैंक बंद
अब 14 सितंबर ,सोमवार की बात करें तो इस दिन गणेश चतुर्थी, गणेश पूजा, वरसिद्धि विनायक व्रत, विनायकर चतुर्थी और हरतालिका के कारण कई शहरों में बैंक की छुट्टी रहने वाली है. RBI हॉलिडे लिस्ट के मुताबिक, 14 सितंबर को बेलापुर, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, नागपुर, पणजी और विजयवाड़ा में बैंक बंद रहेंगे.अगर आप इन शहरों में रहते हैं और बैंक से जुड़ा काम है, तो 14 सितंबर को भी वह काम नहीं करा पाएंगे.
15 सितंबर को भी इन शहरों में बैंक की छुट्टी
15 सितंबर, मंगलवार को भी कुछ शहरों में बैंक बंद रहेंगे. संवत्सरी, नुआखाई और गणेश चतुर्थी के दूसरे दिन अहमदाबाद, भुवनेश्वर और पणजी में बैंकों की छुट्टी है. इस वजह से कुछ इलाकों में 12 सितंबर से 15 सितंबर के बीच लगातार कई दिन बैंक बंद रह सकती है.
किन-किन शहरों में 3 से 4 दिन बंद रहेंगे बैंक?
12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के बाद 14 सितंबर की छुट्टी के कारण महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई शहरों में 12 से 14 सितंबर तक लगातार तीन दिन बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. वहीं ओडिशा और गोवा के कुछ शहरों में 15 सितंबर को बैंक की छुट्टी भी होने के कारण लगातार चार दिन का बैंक बंद रह सकता है. इसलिए बैंक जाने से पहले RBI हॉलिड लिस्ट जरूर देख लें.
सितंबर में कब-कब बैंक हड़ताल रहेगा?
बता दें कि बैंक यूनियनों ने इस महीने 28, 29 और 30 सितंबर को भी देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. इतना ही नहीं, 26 अक्टूबर से लगातार अनिश्चितकालीन हड़ताल की तैयारी है.यानी सितंबर के आखिरी हफ्ते में भी बैंक कामकाज पर बड़ा असर पड़ सकता है.ऐसे में बैंक खुलते ही अपना काम फटाफट निपटा लें वरना लंबे समय तक काम अटक सकता है.
बैंक बंद होने पर भी न हों परेशान, ऐसे निपटाएं पैसे से जुड़े काम
अगर आपके शहर में बैंक बंद हैं, तो भी परेशान होने की जरूरत नहीं है.बैंक ब्रांच बंद होने का मतलब यह नहीं है कि डिजिटल बैंकिंग भी बंद हो जाएगी. UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम जैसी सर्विस 24x7 चालू रहेंगी.आप घर बैठे पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं, बिल का पेमेंट कर सकते हैं और यूपीआई से पेमेंट कर सकते हैं. जरूरत होने पर एटीएम से कैश भी निकाली जा सकती है.
हालांकि, ब्रांच में जाकर होने वाले काम, जैसे चेक क्लियरेंस, केवाईसी अपडेट, डॉक्यूमेंट जमा करना,या दूसरे कोई काम छुट्टी के दौरान नहीं हो पाएंगी.इसके लिए आपको बैंक खुलने का इंतजार करना होगा.
ये भी पढ़ें- DA Hike: क्या नवरात्रि से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को मिलेगा महंगाई भत्ते का तोहफा? कितनी बढ़ेगी सैलरी-पेंशन?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं