विज्ञापन

कचरे से सोना-चांदी और लिथियम निकालेगी यह कंपनी, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग में करेगी ₹3,000 करोड़ का बड़ा निवेश

E-Waste Recycling In India : एटेरो अगले पांच साल में ₹3,000 करोड़ निवेश करेगी. कंपनी बेंगलुरु और आंध्र प्रदेश में नए प्लांट लगाएगी और सोना, चांदी, लिथियम समेत 22 से ज्यादा मिनरल निकालेगी.

कचरे से सोना-चांदी और लिथियम निकालेगी यह कंपनी, ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग में करेगी ₹3,000 करोड़ का बड़ा निवेश
E-Waste Recycling India: भारत बनेगा क्रिटिकल मिनरल्स का एक्सपोर्टर!
NDTV इंडिया

E-Waste Recycling: पुराने मोबाइल, लैपटॉप और बैटरी जैसे इलेक्ट्रॉनिक कचरे से अब सोना, चांदी और लिथियम जैसे क्रिटिकल मेटल निकालने का काम बड़े स्तर पर होने जा रहा है. ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग कंपनी एटेरो (Attero) अगले पांच साल में इस कारोबार को बढ़ाने के लिए 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. कंपनी बेंगलुरु और आंध्र प्रदेश में नए प्लांट भी लगाने की तैयारी में है. इसके साथ ही अगले चार साल में ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग की क्षमता चार गुना से ज्यादा बढ़ाने का लक्ष्य है.

5 साल में ₹3,000 करोड़ लगाएगी कंपनी

PTI  की रिपोर्ट के मुताबिक, एटेरो के को-फाउंडर और CEO नितिन गुप्ता ने बताया कि कंपनी अगले पांच साल में क्रिटिकल मिनरल्स निकालने की क्षमता बढ़ाने पर करीब 3,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इसमें से लगभग 40% निवेश लिथियम, निकेल और कोबाल्ट से जुड़े काम पर किया जाएगा. कंपनी का दावा है कि वह सोना, चांदी, तांबा, एल्युमीनियम, निकेल, लिथियम, कोबाल्ट और नियोडिमियम व डिस्प्रोसियम जैसे रेयर अर्थ सहित 22 से ज्यादा जरूरी मिनरल निकाल सकती है.

ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग क्षमता चार गुना बढ़ेगी

फिलहाल कंपनी की ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग क्षमता करीब 2.25 लाख टन सालाना है. इसे अगले चार साल में बढ़ाकर 10 लाख टन करने की योजना है. इसके अलावा कंपनी अपनी लिथियम और बैटरी रीसाइक्लिंग क्षमता भी अगले चार साल में करीब पांच गुना बढ़ाएगी.

बेंगलुरु और आंध्र प्रदेश में खुलेंगे नए प्लांट

अभी एटेरो के रीसाइक्लिंग प्लांट रुड़की, जयपुर के पास रींगस और पुणे में हैं. अब कंपनी बेंगलुरु और आंध्र प्रदेश में भी नए प्लांट खोलने की तैयारी कर रही है. बेंगलुरु में करीब 60,000 टन सालाना क्षमता वाला ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग प्लांट लगाया जाएगा. जमीन पर काम शुरू होने के छह महीने के भीतर इसके चालू होने की उम्मीद है. कंपनी का लक्ष्य है कि अगले पांच साल में उसकी प्रस्तावित क्षमता पूरी तरह शुरू हो जाए.

चीन के दबदबे को सीधी चुनौती

नितिन गुप्ता का कहना है कि भारत को क्रिटिकल मिनरल्स के मामले में चीन के दबदबे को चुनौती देनी चाहिए. इसके लिए देश को सिर्फ दूसरे स्रोतों से मिले कच्चे माल और रीसाइक्लिंग पर निर्भर नहीं रहना होगा, बल्कि भारत में खनन से भी मिनरल्स हासिल करने होंगे.

उन्होंने बताया कि कंपनी ने जम्मू-कश्मीर की एक लिथियम खदान के कुछ सैंपल भी टेस्ट किए थे. उनसे करीब 205 पीपीएम लिथियम कार्बोनेट रिकवर करने में सफलता मिली. विदेशों में मौजूद खदानों और स्क्रैप से भी मिनरल्स हासिल करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं.

भारत की मांग का 80% तक हो सकता है पूरा

नितिन गुप्ता  के मुताबिक, घरेलू स्रोतों और रीसाइक्लिंग के जरिए भारत की क्रिटिकल मिनरल्स की 30% से 80% तक मांग पूरी की जा सकती है. रेयर अर्थ मिनरल्स की मांग का 75-80% तक हिस्सा इससे पूरा होने की संभावना है. उनका मानना है कि भारत मौजूदा आयातक की स्थिति से आगे बढ़कर दुनिया को क्रिटिकल मिनरल्स का निर्यातक भी बन सकता है. कंपनी इन नए प्लांट और सुविधाओं के लिए इक्विटी के जरिए फंड जुटाने और कर्ज, दोनों का इस्तेमाल करेगी.

यह भी पढ़ें | Gold Silver Price Today: सोना-चांदी ने फिर पकड़ी रफ्तार, एक झटके में 3,400 रुपये तक बढ़ गए दाम, जानें ताजा भाव

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
E-waste Recycling, Attero Recycling, Gold Recycling India, Silver Recycling Technology, Gold Silver News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com