Business News: अगर आप iPhone या iPad का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक काम की खबर है. UK में Apple कंपनी के खिलाफ एक बड़ा मुकदमा चल रहा है. अगर आप तय शर्तें पूरी करते हैं, तो आपको मुआवजे के तौर पर करीब 8000 रुपये मिल सकते हैं. जानिए क्या है पूरा मामला और आप इसके लिए कैसे अप्लाई कर सकते हैं...
आखिर क्या है पूरा मामला?
ब्रिटेन की एक कंज्यूमर राइट्स संस्था (Which?) ने एप्पल पर कॉम्पिटिशन कानूनों को तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है. दावा है कि कंपनी ने ग्राहकों को चालाकी से अपनी iCloud सर्विस इस्तेमाल करने के लिए मजबूर करके खूब पैसे वसूले हैं. व्हिच का आरोप है कि एप्पल ने क्लाउड मार्केट में अपने दबदबे का गलत फायदा उठाकर लाखों ग्राहकों को लूटा है. कंपनी पर आरोप है कि उसने मार्केट में बाकी प्रतिस्पर्धियों के लिए रास्ते बंद कर दिए, जिसके चलते यूजर्स को अपनी जरूरत से कम फ्री स्टोरेज से काम चलाना पड़ा. इसी मोनोपोली की वजह से ग्राहकों से हर महीने iCloud Subscriptions के नाम पर ज्यादा फीस वसूल कर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है.
कोर्ट से मुकदमे को मिली हरी झंडी
इस मामले को नवंबर 2024 में 'कॉम्पिटिशन अपील ट्रिब्यूनल' में दर्ज कराया गया था. हाल ही में, ट्रिब्यूनल ने कंज्यूमर संस्था को कलेक्टिव प्रोसीडिंग्स ऑर्डर (CPO) दे दिया है. इसका मतलब यह है कि अब यह केस 'ऑप्ट-आउट कलेक्टिव क्लेम' के तौर पर आगे बढ़ेगा. इस तरह के मुकदमों में जो भी लोग तय शर्तों के दायरे में आते हैं, वे खुद-ब-खुद क्लेम का हिस्सा मान लिए जाते हैं और उन्हें मुआवजे का हकदार बनने के लिए अपनी तरफ से कोई कानूनी कागजी कार्रवाई नहीं करनी होती है.
दोनों पक्षों की क्या है दलील?
Which? की चीफ एग्जीक्यूटिव एनाबेल हॉल्ट (Anabel Hoult) का कहना है- 'कोई भी कंपनी, चाहे वह कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, अपनी पोजीशन का गलत फायदा उठाकर नहीं बच सकती। CPO मिलने का मतलब है कि हम ग्राहकों को उनका हक दिलाने के एक कदम और करीब आ गए हैं। इससे दूसरी कंपनियों को भी कड़ा संदेश जाएगा.'
ये भी पढ़ें:- नौकरी हो तो ऐसी! सालाना 12 लाख कमाओ और थक जाओ तो सो जाओ, इस अनोखे जॉब ऑफर ने मचाया तहलका
वहीं, एप्पल ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. एप्पल के प्रवक्ता का कहना है, 'ये दावे बेबुनियाद हैं. हम iCloud को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन किसी भी ग्राहक पर इसे इस्तेमाल करने का दबाव नहीं है. कस्टमर्स के पास चुनने के लिए कई और विकल्प मौजूद हैं. हम कोर्ट के इस फैसले से सहमत नहीं हैं और इसके खिलाफ अपील करेंगे.'
किसे मिलेगा हर्जाना और क्या हैं शर्तें?
अगर आप सोच रहे हैं कि क्या आपको भी यह पैसा मिल सकता है, तो नीचे दी गई शर्तें ध्यान से पढ़ें:-
- अगर आपने 8 नवंबर 2018 से 8 जून 2026 के बीच कभी भी iCloud सर्विस का इस्तेमाल किया है, तो आप इसके हकदार हो सकते हैं.
- अगर आप 8 जून 2026 को यूके में रह रहे होंगे, तो आप खुद-ब-खुद इस क्लेम का हिस्सा बन जाएंगे.
- अगर आप खुद को इससे अलग करना चाहते हैं, तो 8 अक्टूबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी जानकारी देनी होगी.
- अगर आप 8 जून 2026 को ब्रिटेन में नहीं रह रहे होंगे, तो आपको इस केस में शामिल होने के लिए 8 अक्टूबर 2026 तक वेबसाइट पर जाकर रजिस्टर करना होगा.
हालांकि, जिन ग्राहकों ने 8 जून 2026 के बाद पहली बार आईक्लाउड सर्विस ली होगी, उन्हें इस क्लास एक्शन का हिस्सा बिल्कुल नहीं माना जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया को समझने, ऑप्ट-इन या ऑप्ट-आउट करने और क्लेम से जुड़े हर नए अपडेट को जानने के लिए लोग सीधे www.cloudclaim.co.uk वेबसाइट पर जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें:- पुरानी पेट्रोल कार को बनाएं E100 रेडी, 15000 रुपये में लगेगी एथेनॉल कनवर्टन किट! Maruti की गाड़ियों पर टेस्ट सफल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं