- दिल्ली में अगस्त के महीने में इस बार शुरुआती दिनों में ही झमाझम बारिश हुई है.
- दिल्ली में 8 दिनों में ही 31 दिनों की बारिश हुई है. अब तक 230 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है.
- IMD के मुताबिक दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश होने की संभावना है.
दिल्ली में अगस्त के महीने बारिश का 15 साल का रिकॉर्ड टूट गया. महज 8 दिनों में ही एक महीने की बारिश हो गई है. अगस्त के पहले 8 दिनों में ही दिल्ली में 230.1 मिलीमीटर बारिश हुई है. सामान्य तौर पर यह बारिश 226.8 प्रतिशत रहती है, दिल्ली मौसम विभाग के मुताबिक जितनी बारिश अगस्त के पूरे महीनों में होती थी, इस बार 8 दिन में ही यह बारिश हो गई है. इस मूसलाधार बारिश ने जहां एक तरफ दिल्ली को पानी-पानी कर दिया है, तो वहीं दूसरी तरफ उमसभरी गर्मी से परेशान दिल्ली वासियों को राहत भी दी है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अभी 10 अगस्त तक अच्छी बारिश की संभावना बन रही है.
अगस्त में दिल्ली में होगी और बारिश
अगस्त के पहले 8 दिनों में अच्छी बारिश के बाद दिल्ली में कई स्थानों पर जलभराव भी हो गया था. मौसम विभाग ने फिलहाल दिल्ली में 2 से 3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 9 और 10 अगस्त के दिन भी झमाझम बरसात राजधानी में हो सकती है. फिलहाल दिल्ली के लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है. क्योंकि दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. 10 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर के आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का दौर जारी रहेगा. इसके बाद 11 से 13 अगस्त के बीच मध्यम बरसात हो सकती है.

दिल्ली में क्यों हुई इतनी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) दिल्ली में एक दम हुई इतनी बारिश की वजह एक साथ कई मौसम प्रणालियों का एक्टिव होना भी है. फिलहाल दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के इलाकों में एक कम दबाव का क्षेत्र यानि लो-प्रेशर एरिया होने से चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है. यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी से भरपूर हवाओं को सीधे दिल्ली-एनसीआर और उत्तर-पश्चिम भारत की तरफ खींच रहा है. जिससे यहां बादल जमकर बरस रहे हैं. मॉनसून की मुख्य अक्षीय रेखा भी लगातार दिल्ली-एनसीआर के पास बनी हुई है. जिससे बादल लगातार आगे बढ़ रहे हैं. ऐसे में दिल्ली में झमाझम बरसात हो रही है.
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) August 8, 2026
दिल्ली का तापमान भी गिरा
वहीं तापमान में भी 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है. अगस्त की शुरुआत में उमस और तेज गर्मी का असर दिल्ली में दिख रहा था. लेकिन अब तापमान सामान्य से काफी नीचे करीब 30 से 32 डिग्री के बीच बना हुआ है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार सिर्फ दिन का ही नहीं बल्कि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग 2.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है, जिससे सुबह और शाम के वक्त मौसम में गर्मी नहीं दिख रही है.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में कब तक बरसेंगे बादल, यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में होगी झमाझम बरसात, अमरनाथ यात्रा रुकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं