देश की आर्थिक नीतियों और लंबे समय की विकास योजनाओं पर काम करने वाली NITI Aayog को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिल गया है. 1989 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी अनुराग जैन को NITI Aayog का नया CEO नियुक्त किया गया है. केंद्र सरकार की कैबिनेट नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. वे दो साल की अवधि या अगले आदेश तक इस जिम्मेदारी को संभालेंगे.
जानिए कौन हैं अनुराग जैन?
अनुराग जैन मध्य प्रदेश कैडर के 1989 बैच के IAS अधिकारी हैं. वे अभी तक मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव (Chief Secretary) के पद पर कार्यरत थे. अब NITI Aayog के CEO के रूप में वे देश की सबसे अहम सार्वजनिक नीति (Public Policy) संस्था का नेतृत्व करेंगे.
IIT खड़गपुर के सेकेंड टॉपर से IAS बनने तक का सफर
आईआईटी खड़गपुर से 1986 में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक करने वाले और अपने बैच के सेकेंड टॉपर रहे अनुराग जैन की कहानी हर युवा के लिए प्रेरणादायक है. अपनी इंजीनियरिंग के बाद वे प्रशासनिक बारीकियों को समझने के लिए अमेरिका गए और सिरैक्यूज यूनिवर्सिटी के मशहूर 'मैक्सवेल स्कूल' से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन (MPA) में मास्टर्स की डिग्री हासिल की. आईआईटी की तकनीकी समझ और विदेश से प्रशासनिक पढ़ाई के इसी बेहतरीन कॉम्बिनेशन के दम पर उन्होंने सिविल सेवा में लगभग चार दशकों तक बेहतरीन सेवा दी और आज NITI Aayog के CEO के रूप में देश के सबसे बड़े संस्ता का नेतृत्व कर रहे हैं
करीब चार दशक का प्रशासनिक अनुभव, कई अहम जिम्मेदारियां निभाई
अनुराग जैन के पास लगभग चार दशक का प्रशासनिक अनुभव है. उन्होंने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है.अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, औद्योगिक नीति (Industrial Policy), निवेश को बढ़ावा (Investment Promotion) और प्रशासनिक सुधार (Governance Reforms) जैसे कई अहम क्षेत्रों में जिम्मेदारियां संभाली हैं. इन्हीं अनुभवों के आधार पर उन्हें NITI Aayog जैसी महत्वपूर्ण संस्था की कमान सौंपी गई है.
NITI Aayog में क्या होगी उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी?
NITI Aayog के CEO के तौर पर अनुराग जैन संस्था के कामकाज की निगरानी करेंगे. उनकी जिम्मेदारी ऐसी नीतियों को आगे बढ़ाने की होगी जो मजबूत आंकड़ों और रिसर्च पर आधारित हों.इसके साथ ही वे केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल मजबूत करने पर भी काम करेंगे. प्राथमिकता वाले सुधारों और सरकार की प्रमुख योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए वे राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों के साथ तालमेल भी करेंगे.
इकोनॉमिक ग्रोथ, इनोवेशन और विकसित भारत विजन पर फोकस
अनुराग जैन ऐसे समय में NITI Aayog की कमान संभाल रहे हैं, जब संस्था देश की आर्थिक विकास (Economic Growth) को तेज करने, इनोवेशन को बढ़ावा देने, बेहतर गवर्नेंस सुनिश्चित करने और सरकार के विकसित बारत विजन (Viksit Bharat Vision) को आगे बढ़ाने के लिए लगातार नीतिगत सुझाव तैयार कर रही है.
रोजगार, स्किलिंग और एंटरप्रेन्योरशिप पर भी रहेगा जोर
अनुराग जैन की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब NITI Aayog की हाई-पावर्ड एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज स्टैंडिंग कमेटी रोजगार बढ़ाने और युवाओं को इंडस्ट्री की जरूरतों के मुताबिक तैयार करने पर काम कर रही है.यह समिति रोजगार के नए अवसर बढ़ाने, एंटरप्रेन्योरशिप को प्रोत्साहन देने, इंडस्ट्री के मुताबिक स्किलिंग को मजबूत करने और सर्विस सेक्टर की ग्रोथ तेज करने के लिए ठोस सुझाव तैयार कर रही है.
ये भी पढ़ें- Elon Musk Net Worth: मस्क को लगा बड़ा झटका, एक ही दिन में $44.4 अरब डूबे, जानें अब कितनी बची संपत्ति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं