हाल में देश के कई हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया और लू का असर तेज हो गया है. इस भीषण गर्मी में सबसे ज्यादा बुरा हाल उन लाखों गिग वर्कर्स का है, जो हमारी सहूलियत के लिए दिन-भर सड़कों पर रहते हैं. ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स सेक्टर में काम करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स को भीड़भाड़ वाले ट्रैफिक में दोपहिया वाहन चलाते हुए तेज धूप में काम करना पड़ता है. ट्रैफिक और समय पर डिलीवरी टारगेट के दबाव के कारण उन्हें दोपहर की सबसे ज्यादा गर्मी में भी ऑडर डिलिवर करने के लिे निकलान पड़ता है. इस दौरान इन डिलीवरी पार्टनर्स को उन्हें साफ पानी और आराम करने की जगह तक आसानी से नहीं मिलती. जिसकी वजह से डिहाइड्रेशन और हीटस्ट्रोक का सबसे ज्यादा खतरा रहता है.
इसी को देखते हुए अमेजन (Amazon), जोमैटो (Zomato), स्विगी (Swiggy) और जेप्टो (Zepto) जैसी दिग्गज कंपनियों ने अपने फ्रंटलाइन वर्कफोर्स को इस जानलेवा गर्मी से बचाने के लिए कई खास इंतजाम किए हैं.गिग वर्कर्स की बढ़ती परेशानी के बीच अब बड़ी कंपनियां अपने डिलीवरी पार्टनर्स के लिए कई राहत कदम उठा रही हैं. इनका मकसद गर्मी के असर को कम करना और वर्कर्स को सुरक्षित रखना है.
अमेजन का 'प्रोजेक्ट आश्रय' और AC रेस्ट स्टॉप
ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन (Amazon) ने 'प्रोजेक्ट आश्रय' (Project Ashray) शुरू किया है, जिसके तहत बड़े शहरों में 100 एयर-कंडीशंड (AC) विश्राम केंद्र यानी रेस्ट स्टॉप बनाए गए हैं. इन सेंटर्स पर बैठने की जगह, साफ वॉशरूम, पीने का पानी, चार्जिंग स्टेशन और फर्स्ट-एड की सुविधा मौजूद है. खास बात यह है कि इन सुविधाओं का फायदा अमेजन के अलावा दूसरे नेटवर्क के डिलीवरी पार्टनर्स भी उठा सकते हैं. साथ ही, कंपनी देशभर में मेडिकल कैंप लगाकर फ्री हेल्थ चेक-अप भी करवा रही है ताकि वर्कर्स को लू से बचने के तरीके बताए जा सकें.
जोमैटो और स्विगी की कूलिंग जैकेट वाली पहल
गर्मी से लड़ने के लिए कंपनियां अब वियरेबल टेक्नोलॉजी (Wearable Technology) का भी सहारा ले रही हैं. स्विगी (Swiggy) ने ऐसी कूलिंग जैकेट (Cooling Vests) पेश की हैं, जिन्हें पानी में भिगोने पर शरीर का तापमान 6 से 7 डिग्री तक कम हो सकता है. वहीं, जोमैटो (Zomato) अपने पार्टनर्स को सब्सिडी वाली हल्की सनस्क्रीन जैकेट (Sunscreen Jackets) दे रहा है. इसके अलावा, जोमैटो ने 5,000 से ज्यादा रेस्ट पॉइंट्स बनाए हैं जहाँ छाया और पानी की सुविधा उपलब्ध है.
जेप्टो और बिगबास्केट के 'डार्क स्टोर्स' में बदलाव
क्विक-कॉमर्स कंपनी जेप्टो (Zepto) अपने डार्क स्टोर्स (Dark Stores) और हब्स को अपग्रेड कर रही है. यहाँ एयर कूलर लगाए गए हैं और छतों पर हीट-रिफ्लेक्टिव कोटिंग की गई है ताकि अंदर का तापमान कम रहे. वहीं, बिगबास्केट (bigbasket) अपने स्टोर्स पर डिलीवरी पार्टनर्स को इलेक्ट्रोलाइट पाउडर (Electrolytes), ग्लूकोज और ठंडे पेय पदार्थ उपलब्ध करा रहा है ताकि उन्हें एनर्जी मिलती रहे.
हेल्थ इंश्योरेंस और डॉक्टर ऑन कॉल
बीमारी की स्थिति में मदद के लिए भी कंपनियां आगे आई हैं. जेप्टो (Zepto) का इंश्योरेंस अब हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के कारण अस्पताल में भर्ती होने के खर्च को भी कवर करता है. फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने अपने 'विशमास्टर्स' के लिए 'डॉक्टर ऑन कॉल' (Doctor on Call) सर्विस शुरू की है, जबकि ब्लिंकिट (Blinkit) फ्री डॉक्टर कंसल्टेशन की सुविधा दे रहा है. इसके साथ ही, अमेजन ने इमरजेंसी के लिए फ्री एम्बुलेंस सपोर्ट लाइन भी तैयार की है.