Air India Flights Cut: देश की जानी-मानी एयरलाइन 'एयर इंडिया' ने उड़ानों में कटौती का ऐलान किया है. एयरलाइन (Air India) कम से कम अगले तीन महीने कई रूट्स पर फ्लाइट्स नहीं ऑपरेट करेगी. अप्रैल के शुरुआती हफ्ते में कंपनी के CEO और MD पद से इस्तीफा दे चुके कैंपबेल विल्सन ने शुक्रवार को इस फैसले के बारे में बताया. हालांकि ये फैसला घरेलू उड़ानों के लिए नहीं लिया गया है. साफ है कि दिल्ली, मुंबई, पुणे, बेंगलुरु,कोलकाता, हैदराबाद, चेन्नई, वाराणसी, पटना, गुवाहाटी जैसे घरेलू रूट्स पर एयर इंडिया की फ्लाइट्स पहले की तरह चलत रहेंगी.
फ्लाइट्स कैंसिल करने का फैसला क्यों?
एयर इंडिया के CEO और MD कैंपबेल ने कहा, 'एयरलाइन जुलाई तक अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करेगी, क्योंकि हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों और जेट ईंधन की कीमतें बढ़ने के चलते कई सारे रूट्स पर एयरलाइन को मुनाफा नहीं हो रहा है.'
उन्होंने कर्मचारियों को एक मैसेज में कहा, 'हमने अप्रैल और मई के लिए कुछ उड़ानें कम कर दी हैं... जेट ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है. इसी के साथ-साथ पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र बंद होने के चलते अलग-अलग देशों में कई सारे डेस्टिनेशंस तक पहुंचना दूर पड़ रहा है. इसमें समय भी ज्यादा लग रहा और फ्यूल भी. ऐसे में हमारी कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अनप्रॉफिटेबल हो गई हैं यानी मुनाफे वाली नहीं रही हैं.'
ईंधन की खपत बढ़ी, खर्च बढ़ा, मुनाफा घटा
पश्चिम एशिया संघर्ष के मद्देनजर हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों ने एयरलाइन को कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए लंबे मार्ग अपनाने के लिए मजबूर कर दिया है, जिसके चलते ईंधन की खपत बढ़ गई है. विल्सन ने कहा कि हवाई क्षेत्र और जेट ईंधन की कीमतों की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. उन्होंने आगे कहा कि इस स्थिति के कारण एयरलाइन के पास जून और जुलाई के लिए शेड्यूल में और कटौती करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है.
CEO-MD पद से इस्तीफा दे चुके हैं कैंपबेल विल्सन
एयर इंडिया के मौजूदा CEO और MD कैंपबेल विल्सन ने बीते 7 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, विल्सन का पांच साल का कार्यकाल जुलाई 2027 में समाप्त होने वाला था, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से समय से पहले पद छोड़ने का फैसला किया. टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन के मुताबिक, कैंपबेल काफी पहले ही पद छोड़ने की इच्छा जता चुके थे.
एयर इंडिया ने कतर एयरवेज (Qatar Airways) के CEO रहे अकबर अल बाकर (Akbar Al Baker) को नया CEO नियुक्त किया है. हालांकि कैंपबेल 6 महीने नोटिस पीरियड सर्व कर सकते हैं और बाकर के पूर्ण रूप से जिम्मेदारी लेने तक पद पर बने रह सकते हैं.
22,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा
विल्सन ने कहा, 'हमें अपने ग्राहकों की योजनाओं और हमारे कर्मियों के वर्कलिस्ट में हुई बाधा के लिए बहुत खेद है, और हम आशा करते हैं कि मध्य पूर्व की स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी, होर्मुज स्ट्रेट खुल जाएगा, ताकि हम पूरी तरह सामान्य स्थिति में वापस आ सकें.' PTI की रिपोट के अनुसार, अनुमान जताया गया है कि 31 मार्च, 2026 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में एयर इंडिया समूह को 22,000 करोड़ रुपये से अधिक का घाटा हुआ है.
ये भी पढ़ें: भारत की छोड़िए, पाकिस्तान में पेट्रोल 400 रुपये के पार, 520 रुपये वाला डीजल अब क्या भाव बिक रहा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं