- अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश में संगठन मजबूत करने की योजना बनाई है
- कांग्रेस ने 13 नवंबर को लखनऊ में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग बैठक बुलाकर तैयारी शुरू की है
- अगस्त-सितंबर में कांग्रेस ने नए जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी की थी, लेकिन अब बदलाव नहीं होगा
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग की चर्चाएं जारी हैं. इस बीच कांग्रेस ने यूपी में संगठन मजबूत करने की योजना बनाई है. यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 13 नवंबर को लखनऊ में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग बैठक बुलाई है. इसका मतलब यह निकाला जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जिला अध्यक्षों में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. यानी कांग्रेस मौजूदा टीम के बलबूते ही चुनावी मैदान में उतर सकती है.
दरअसल अगस्त-सितंबर में कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत पूरे प्रदेश में नए जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी की थी. हर जिले में प्रभारी नियुक्त किए गए थे जिन्होंने अपनी रिपोर्ट संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंपी थी. इसके बाद से नए जिला अध्यक्षों के एलान का इंतजार किया जा रहा था. लेकिन इसके बाद से दो महीने से सारी कवायद ठंडे बस्ते में पड़ी रही. इस बीच कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया.
अब पार्टी ने तय किया है विधानसभा चुनाव में मौजूदा जिला अध्यक्षों से ही काम चलाया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक संगठन सृजन अभियान के दौरान पार्टी को फीडबैक मिला था कि चुनाव में कम समय को देखते हुए जिला अध्यक्ष नहीं बदलना चाहिए. बीते दिनों दिल्ली में हुई बैठक के दौरान प्रियंका गांधी ने भी 'यूपी टीम' को यह सुझाव दिया.
करीब तीन महीने खराब करने के बाद अब यूपी कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग के लिए बुलाया है. सूत्रों के मुताबिक जिला अध्यक्ष तो नहीं लेकिन यूपी कांग्रेस की नई कार्यसमिति का एलान जल्द किया जाएगा.
कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की मौजूदा टीम पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के समय बनी थी. प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम से अनबन के बाद अजय राय को हटा कर आराधना मिश्रा को यूपी कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया. देखना रोचक होगा कि नए कोच और कप्तान पुरानी टीम में साथ कैसे तालमेल बैठाते हैं.
यह भी पढ़ें | अखिलेश की 'ना' और कांग्रेस बढ़ा रही हाथ, स्वामी प्रसाद मौर्य पर गठबंधन में क्यों नहीं बन पा रही बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं