विज्ञापन

डेटा सेंटर बिजनेस का विस्तार करेगा अदाणी ग्रुप, मेटा-गूगल से साझेदारी पर हो रही बातः रिपोर्ट

ये बातचीत अदाणी ग्रुप के 100 बिलियन डॉलर के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लान का हिस्सा है. इसका उद्देश्य जमीन और रिन्यूएबल एनर्जी के प्रमुख सप्लायर के रूप में ग्रुप को स्थापित करना है.

डेटा सेंटर बिजनेस का विस्तार करेगा अदाणी ग्रुप, मेटा-गूगल से साझेदारी पर हो रही बातः रिपोर्ट
  • अदाणी ग्रुप डेटा सेंटर बिजनेस के विस्तार के लिए मेटा, गूगल जैसे दिग्गजों से साझेदारी पर बात कर रहा है
  • ये बातचीत अदाणी ग्रुप के 100 बिलियन डॉलर के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लान का हिस्सा बताई जा रही है
  • अदाणी एंटरप्राइजेज के संयुक्त उद्यम AdaniConnex ने अक्टूबर में गूगल से साझेदारी की घोषणा की थी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

अदाणी ग्रुप के तेजी से बढ़ते डेटा सेंटर बिजनेस को विस्तार देने के लिए चेयरमैन गौतम अदाणी मेटा और गूगल जैसे अमेरिकी टेक दिग्गजों से साझेदारी पर बातचीत कर रहे हैं. ब्लूमबर्ग ने घटनाक्रम से परिचित लोगों के हवाले से यह दावा करते हुए बताया कि वॉलमार्ट की कंपनी फ्लिपकार्ट भी इस बातचीत में शामिल है. अदाणी ग्रुप विभिन्न राज्यों में डेटा सेंटरों के लिए उपयुक्त साइट्स को एक्सप्लोर कर रहा है. 

ये बातचीत अदाणी ग्रुप के 100 बिलियन डॉलर के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लान का हिस्सा है. इसका उद्देश्य जमीन और रिन्यूएबल एनर्जी के प्रमुख सप्लायर के रूप में ग्रुप को स्थापित करना है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड सर्विसेज जैसी हाइपरस्केल फैसिलिटीज के लिए इनकी जरूरत होती है. 

ब्लूमबर्ग ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि नए केंद्रों के लिए जगहों को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है और इस बारे में बातचीत अभी शुरुआती स्तर पर है. हालांकि यह दिखाता है कि भारत में डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए कंपीटीशन किस कदर तेज हो रहा है. 

भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और बढ़ता बाजार विदेशी निवेशकों और विस्तार की इच्छुक टेक कंपनियों को काफी आकर्षित कर रहा है. दुनिया में इस तरह के केंद्रों को लेकर काफी उत्सुकता देखी जा रही है. चीन में तो इतने ज्यादा डेटा सेंटर हो गए हैं कि ओवर सप्लाई की नौबत आ रही है. 

अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और EdgeConneX के संयुक्त उद्यम AdaniConnex ने अक्टूबर में गूगल के साथ साझेदारी की घोषणा की थी, जो विशाखापत्तनम में भारत का सबसे बड़ा एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर हब बनाने के लिए करीब 15 बिलियन डॉलर का  इन्वेस्टमेंट कर रहा है. सूत्रों के मुताबिक, अदाणी ग्रुप के साथ मौजूदा बातचीत नए चरण के लिए हो रही है.

अदाणी ग्रुप, मेटा और वॉलमार्ट के प्रतिनिधियों ने इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है. गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी के पास बताने के लिए फिलहाल कोई नया निवेश नहीं है.

मुकेश अंबानी की अगुआई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने Digital Connexion वेंचर के जरिए विशाखापत्तनम में डेटा सेंटर बनाने के लिए नवंबर में 11 बिलियन डॉलर का समझौता किया था. वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड ने अपने प्रयासों को गति देने के लिए टीपीजी के साथ एक बिलियन डॉलर की डील की है.

वैश्विक कंपनियां भारत में लगातार अपना विस्तार कर रही हैं. एमेजॉन की योजना साल 2030 तक भारत में क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर में 12.7 बिलियन डॉलर निवेश करने की है. इसी तरह चैटजीपीटी वाली कंपनी ओपनएआई 1 गीगावॉट क्षमता का डेटा सेंटर स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रही है.

देखें- अदाणी ग्रुप की एक और बड़ी उपलब्धि, अदाणी पावर को ESG में 'लीडरशिप' कैटेगरी में मिली जगह

(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com