वैश्विक व्यापार में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और बदलती परिस्थितियों के बीच, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) के प्रबंध निदेशक और अदाणी सीमेंट के निदेशक करण अदाणी ने मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) की आवश्यकता पर जोर दिया है. शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित एक मीडिया ग्रुप के लीडरशिप समिट में उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक विकास को बनाए रखने के लिए लचीला इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद महत्वपूर्ण है. बता दें कि अदाणी ग्रुप अगले पांच वर्षों तक 'ग्रीनफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर' (नए प्रोजेक्ट्स) में हर साल 2 लाख करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रहा है.
करण अदाणी ने कहा कि ग्रुप द्वारा बनाए गए इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म देश की संपत्ति हैं, जो भारत के व्यापार, लॉजिस्टिक्स और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देते हैं. 2030 तक पोर्ट क्षमता को दोगुना कर 1,200 MMT करने और एयरपोर्ट पर पैसेंजर क्षमता 20 करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य है.
वैश्विक संकट और भारत की रणनीति
करण अदाणी ने पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) के मौजूदा संकट का जिक्र करते हुए कहा कि इसने होर्मुज जलडमरूमध्य, स्वेज नहर और मलक्का जलडमरूमध्य जैसे प्रमुख समुद्री रास्तों की संवेदनशीलता को उजागर किया है. उन्होंने कहा, '2020 के बाद से, कोविड-19 महामारी से लेकर युद्ध तक, सप्लाई चेन ने लगातार झटके झेले हैं. ऐसे माहौल में देशों को अपने लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को बेहद मजबूत बनाना होगा.' उन्होंने आगे कहा कि जब इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो जाता है, तो व्यापार अपने आप उसका अनुसरण करता है. अदाणी ग्रुप का लक्ष्य देश का सबसे कुशल लॉजिस्टिक्स प्रोवाइडर और सबसे सस्ता बिजली उत्पादक बनना है.
मिशन 2030: भविष्य के बड़े लक्ष्य
करण अदाणी ने ग्रुप के विस्तार की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि पोर्ट्स, एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में अदाणी ग्रप का लक्ष्य देश के लिए मजबूती हासिल करना है.
- पोर्ट्स: पोर्ट क्षमता को वर्तमान 600 MMT से बढ़ाकर 1,200 MMT किया जाएगा.
- रिन्युएबल एनर्जी: अक्षय ऊर्जा क्षमता को 18 गीगावाट (GW) से बढ़ाकर 50 GW किया जाएगा.
- थर्मल पावर: बिजली उत्पादन को 17 GW से बढ़ाकर 45 GW तक ले जाने का लक्ष्य है.
- एविएशन: एयरपोर्ट नेटवर्क की क्षमता को 10 करोड़ यात्रियों से बढ़ाकर 20 करोड़ किया जाएगा.
मूल्यों पर आधारित विकास
करण अदाणी ने ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी के विजन को दोहराते हुए कहा कि विकास के लिए 'रफ्तार और पैमाना' (Speed and Scale) तो जरूरी है ही, लेकिन साथ ही 'सहानुभूति और जिम्मेदारी' भी उतनी ही आवश्यक है. उन्होंने अपनी मां डॉ. प्रीति अदाणी द्वारा अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी सराहना की. उन्होंने अंत में विश्वास जताया कि ग्रुप भारत की विकास गाथा (India Growth Story) के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ऐसे एसेट्स का निर्माण जारी रखेगा जो देश के दीर्घकालिक विकास में योगदान दें.
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं