Adani Group Market Cap: भारतीय शेयर बाजार में अदाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी का सिलसिला जारी है. मजबूत नतीजों और घरेलू के साथ वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे के दम पर अदाणी समूह के टोटल मार्केट कैप में बड़ा उछाल देखने को मिला है. ग्रुप की सभी कंपनियों का मार्केट कैप अब बढ़कर करीब 20 लाख करोड़ रुपए के लेवल के पास पहुंच गया है.
वित्त वर्ष 2026 अदाणी समूह के लिए बेहद शानदार साबित रहा है. इस साल की शुरुआत से लेकर अब तक समूह के टोटल मार्केट कैप में 5 लाख करोड़ रुपए की बड़ा इजाफा दर्ज किया गया है. मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार कंपनियों के लगातार बेहतर तिमाही के नतीजे, लोन मैनेजमेंट और वैश्विक ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन की पॉजिटिव टिप्पणियों ने इस तेजी को पंख लगाने का काम किया.
अदाणी पावर बनी समूह की नंबर वन कंपनी
ग्रुप की सभी कंपनियों में इस साल सबसे अच्छा प्रदर्शन अदाणी पावर का रहा है. अदाणी पावर ने ग्रुप के टोटल वैल्यूएशन को बढ़ाने में सबसे ज्यादा मदद की. अभी के समय में कंपनी का टोटल मार्केट कैप 4,79,167 करोड़ रुपए पर पहुंच गया है, जिसके साथ ही ये अदाणी समूह की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है. कंपनी ने अकेले साल 2026 में अब तक अपने मार्केटकैप में 2,02,511 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड बढ़त हासिल की.
पोर्ट्स और एंटरप्राइजेज का भी दिखा दम
ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन 4,20,611 करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर है. इस साल इसके वैल्यूएशन में 82,222 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, अदाणी एंटरप्राइजेज का मार्केट कैप 3,82,634 करोड़ रुपए हो गया. इस साल की शुरुआत से अब तक इसके मार्केट कैप में 93,051 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है.
ग्रीन एनर्जी और एनर्जी सॉल्यूशंस की रफ्तार
सस्टेनेबिलिटी और क्लीन एनर्जी सेक्टर में काम कर रही ग्रुप की कंपनियों ने भी निवेशकों को निराश नहीं किया. अदाणी ग्रीन एनर्जी का मार्केट कैप 2,44,177 करोड़ रुपए पर पहुंच गया, इसमें 77,000 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है. वहीं, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का मार्केट कैप भी 60,780 करोड़ रुपए बढ़कर 1,83,700 करोड़ रुपए के लेवल को टच कर गया.
सीमेंट सेक्टर की बात करें तो अंबुजा सीमेंट का मार्केट कैप 1,13,012 करोड़ रुपए दर्ज किया गया. इसके अलावा, अदाणी टोटल गैस, एसीसी (ACC), ओरिएंट सीमेंट, सांघी इंडस्ट्रीज जैसी दूसरी लिस्टेड कंपनियों में भी पॉजिटिव तेजी देखी जा रही है.
भारत की टॉप-20 कंपनियों में समूह का दबदबा
इस चौतरफा तेजी का बड़ा असर ये हुआ है कि मार्केट कैप के मामले में देश की टॉप 20 वैल्यूएशन कंपनियों की लिस्ट में अदाणी ग्रुप की तीन कंपनियों ने अपनी जगह पक्की कर ली है. अदाणी पावर भारतीय शेयर बाजार में 11वें नंबर पर है. अदाणी पोर्ट्स देश की 15वीं सबसे वैल्यूएशन कंपनी बन गई. इसके साथ ही अदाणी एंटरप्राइजेज टॉप कंपनियों की लिस्ट में 20वें नंबर पर है.
ये भी पढ़ें- 30.63 लाख करोड़ का निवेश, उबर, माइक्रोसॉफ्ट की बढ़ी टेंशन, क्या फेल हो रहा AI का दांव?
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं