अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) ने उन सभी खबरों और अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है जिसमें कहा जा रहा था कि अदाणी ग्रुप जल्द अपनी एयरलाइन शुरू करने जा रहा है. कंपनी का कहना है कि वह एयरलाइन बिजनेस में उतरने की किसी भी योजना पर काम नहीं कर रही है. वहीं, कंपनी का पूरा फोकस फिलहाल देशभर में ₹20,000 करोड़ के एयरपो्र्ट सिटी प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने पर है.
एयरलाइन शुरू करने की खबरें पूरी तरह गलत
हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अदाणी ग्रुप एयरलाइन सेक्टर में उतरने की तैयारी कर रहा है. इन रिपोर्ट्स के बाद बाजार में भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं. हालांकि अब कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है.
एयरपोर्ट सिटी प्रोजेक्ट पर फोकस
एयरलाइन की खबरों को खारिज करने के बीच अदाणी एयरपोर्ट्स ने हाल ही में अपने बड़े एयरपोर्ट सिटी प्लान का ऐलान किया है. कंपनी पहले चरण में ₹20,000 करोड़ से ज्यादा का निवेश करेगी.इस योजना के तहत देश के अलग-अलग एयरपोर्ट्स के आसपास एडवांस और इंटीग्रेट्ड एयरपोर्ट सिटी डेवलप की जाएंगी, जहां यात्रियों, कारोबार और स्थानीय लोगों के लिए कई सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी.
655 एकड़ से ज्यादा जमीन पर होगा विकास
अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (AACL), जो अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है, इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएगी.कंपनी के मुताबिक, पांच राज्यों के छह एयरपोर्ट्स पर 655 एकड़ से ज्यादा जमीन विकसित की जाएगी. इनमें मुंबई और नवी मुंबई में ही करीब 440 एकड़ जमीन शामिल है.
22 मिलियन वर्गफुट में तैयार होगा बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर
इस प्रोजेक्ट के तहत मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में करीब 22 मिलियन वर्गफुट क्षेत्र विकसित किया जाएगा.
इन एयरपोर्ट सिटी में होटल, ऑफिस, रिटेल स्पेस, रेस्टोरेंट्स, एंटरटेनमेंट, कन्वेंशन सेंटर और कमर्शियल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा. इन सभी सुविधाओं को एयरपोर्ट, मेट्रो और शहर के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से सहज तरीके से जोड़ा जाएगा ताकि लोगों को एक ही जगह पर बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके.
मुंबई और नवी मुंबई पर होगा 70% निवेश
कंपनी के अनुसार, पहले चरण के कुल निवेश का करीब 70% हिस्सा मुंबई और नवी मुंबई में लगाया जाएगा. इसकी वजह यह है कि मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) देश का सबसे बड़ा कारोबारी, वित्तीय और एविएशन हब माना जाता है.
यात्रियों और कारोबार को मिलेगा फायदा
कंपनी का कहना है कि एयरपोर्ट सिटी को इस तरह विकसित किया जाएगा कि यात्री, कारोबारी और स्थानीय लोग एक ही परिसर में होटल, दफ्तर, खरीदारी, खान-पान, मनोरंजन और अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें. साथ ही इन क्षेत्रों को एयरपोर्ट, मेट्रो और शहर के ट्रासपोर्ट नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा, जिससे आवाजाही और भी आसान हो सके.
ये भी पढें- Stock Market Crash: सेंसेक्स खुलते ही 800 अंक लुढ़का, निफ्टी 23,700 से नीचे फिसला, जानें गिरावट की बड़ी वजह
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं