8 years ago
राजस्थान विधानसभा चुनाव में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बहुमत का आंकड़ा छूने के बाद कांग्रेस पार्टी अपने जीते हुए विधायकों के साथ बुधवार को बैठक करने जा रही है. सूत्रों के अनुसार बैठक में पार्टी की अगली रणनीति के साथ-साथ मुख्यमंत्री के नाम पर भी चर्चा हो सकती है. बता दें कि कांग्रेस पार्टी को राजस्थान को 99 सीटें मिली हैं. वह अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर राज्य में सरकार बनाने जा रही है. चुनाव परिणाम में बीजेपी 73 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई है. मंगलवार को चुनाव परिणाम की घोषणा होने के बाद राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसे जनता की जीत बताया. उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती थी, इसलिए उन्होंने हमें मौका दिया है. ध्यान हो कि कांग्रेस पार्टी को राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी BJP की तुलना में ज्यादा सीटें मिली हैं. पार्टी छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत के साथ जीती है, लेकिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से दो सीट दूर रह गई.