8 years ago
नई दिल्ली:
गुरु नानक देव जी की जयंती (Guru Nanak Jayanti) और प्रकाश पर्व को मोदी सरकार (Modi Govt) ने शुक्रवार को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया है. खुद बीजेपी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसकी सूचना दी गई है. 23 नवंबर को सरकार ने कल्चरल यूनिटी डे (सांस्कृतिक एकता दिवस) के आयोजन की भी तैयारी की है. इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) शुक्रवार को मध्य प्रदेश और मिजोरम में रैलियों को संबोधित करेंगे. मिजोरम भी उन पांच राज्यों में शुमार है, जहां विधानसभा चुनाव की सरगर्मी शबाब पर है. इसके अलावा प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश के मंदसौर और छतरपुर में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 23 नवंबर को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और जबलपुर में चुनावी जनसभाएं और कटनी में रोड शो करेंगे. वहीं UPA अध्यक्ष सोनिया गांधी तेलंगाना में चुनावी कैंपेनिंग करेंगी, जबकि योगी आदित्यनाथ राजस्थान में मौजूद रहकर चुनावी अभियान को धार देंगे. शुक्रवार को ही भारत-चीन सीमा से जुड़े मसलों पर बातचीत होनी है. इस बैठक में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी भाग लेंगे.