विज्ञापन
OPINION
This Article is From Feb 14, 2018

एक 'कनखी' पर फिदा समूचा देश...

एक मुस्कान पर देश न्योछावर हुए जा रहा है. पलक की एक झपकन करोड़ों दिलों से आहें भरवा रही है. केरल के त्रिशूर के विमला कॉलेज की 18 साल की बीकॉम की छात्रा और आने वाली एक मलयालम फ़िल्म की नायिका प्रिया प्रकाश वारियर ने सिर्फ़ 24 घंटों में सोशल मीडिया के जरिए दिलों को जीत लिया. जनमानस पर छा गयीं. नेशनल क्रश बन गयीं.

एक मुस्कान पर देश न्योछावर हुए जा रहा है. पलक की एक झपकन करोड़ों दिलों से आहें भरवा रही है. केरल के त्रिशूर के विमला कॉलेज की 18 साल की बीकॉम की छात्रा और आने वाली एक मलयालम फ़िल्म की नायिका प्रिया प्रकाश वारियर ने सिर्फ़ 24 घंटों में सोशल मीडिया के जरिए दिलों को जीत लिया. जनमानस पर छा गयीं. नेशनल क्रश बन गयीं.

चंद सेकेंड्स के इस वीडियो के माएने कई हैं. इसमें सोशल मीडिया की असीमित ताकत की झलक तो है ही. प्रिया की 'कनखी' (अंग्रेजी में जिसे आप विंक और हिन्दी में आंख मारना कहते हैं), बिंदास और बोल्ड हिंदुस्तानी लड़की की तस्वीर है. इसमें नया लड़की का 'बोल्डनेस' या बिंदासपन नहीं है. धर्म, समाज और थोपे गए संस्कारों की जकड़न से निकलने की नारी की कश्‍मकश तो पुरानी है. इसमें नया है समाज में बिंदासपन की स्वीकार्यता. इस वीडियो की लोकप्रियता लड़की के 'बोल्डनेस' की स्वीकार्यता है. 'थोड़ी मॉर्ड्न और थोड़ी संस्कारी' बहू की मांग अब पुरानी पड़ती जा रही है. अब अपने से बड़ी और ऊंची भी जंचने लगी है. ये ऊंचाई कद की भी हो सकती है और मुक़ाम की भी. पद की भी हो सकती है और पढ़ाई की भी.

वैसे तो पूरी दुनिया ही अमूमन पुरुष प्रधान है. हिंदुस्तानी समाज में 'पहल' की उम्मीद लड़के से की जाती है. इस वीडियो में पहल लड़की कर रही है. हावी लड़का नहीं है बल्कि वो उल्टे शर्मा रहा है. नज़रें चुरा रहा है. ये सिनेमा का झूठ नहीं आज के समाज का सच है. नए हिंदुस्तान को लड़की की पहल और उसका बिंदास होना पसंद है. चाहत की घुटन इस जमाने को मान्य नहीं. 20 साल बाद इस पीढ़ी को मलाल नहीं रहेगा- मैं तुम्हारे हां का इंतज़ार करती रहीं. और न ही ये नौबत आएगी- मैं तो डर कर वो तीन शब्द बोल ही नहीं पाया.

आंकड़े और ट्रेंड भी इस बात की तसदीक कर रहे हैं. सिर्फ़ एक दिन में इंस्टाग्राम पर 22 लाख फ़ॉलोअर उस लड़की के जो अपनी पहली मलयालम फ़िल्म- 'उरु अदार लव' में काम करने जा रही है. सोमवार को प्रिया ने ट्वीटर ज्वाइन किया और उसी दिन 59 हजार फ़ॉलोअर बन गए. सोशल मीडिया पर #PriyaPrakashVarrier ट्रेंड करता रहा. नतीजा ये रहा कि निर्देशक को फ़िल्म में उनकी भूमिका बढ़ानी पड़ी. टेलीविजन न्यूज़ चैनल्स के लिए वे बहस का नया मुद्दा मिल गयीं हैं. शुक्र है हिंदू-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान और उत्तर कोरिया के तानाशाह की ख़बरों से दो-तीन दिनों की राहत मिली है. वैलेंटाइन-डे के दिन अगर प्रिया प्रकाश वारियर चर्चा की विषय हैं तो ये नफ़रत पर प्यार की जीत है. उनसे ज़्यादा मिम्स शायद ही किसी के बने होंगे. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी से लेकर क्रिकेटर विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी सहित बड़ी शख्सियतें प्रिया की कनखी से पानी-पानी हुए जा रहे हैं.

मौज़ूदा पीढ़ी इस वीडियो से खुद को कनेक्ट कर पा रही है और सीनियर सीटीज़न भी इस पर ज़्यादा हाय-तौबा नहीं मचा रहा है. वॉट्सऐप पर आए वीडियो देख हम जैसे रेट्रो जेनरेशन वाले सिर्फ़ यही कह सकते हैं- काश!

संजय किशोर एनडीटीवी के खेल विभाग में डिप्टी एडिटर हैं...

डिस्क्लेमर (अस्वीकरण) : इस आलेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी विचार हैं. इस आलेख में दी गई किसी भी सूचना की सटीकता, संपूर्णता, व्यावहारिकता अथवा सच्चाई के प्रति NDTV उत्तरदायी नहीं है. इस आलेख में सभी सूचनाएं ज्यों की त्यों प्रस्तुत की गई हैं. इस आलेख में दी गई कोई भी सूचना अथवा तथ्य अथवा व्यक्त किए गए विचार NDTV के नहीं हैं, तथा NDTV उनके लिए किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Priya Prakash Varrier, Valentines Day 2018
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com