विज्ञापन

चंपारण के सारांश ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, 78 देशों के एथलीटों को पछाड़ रचा इतिहास

बिहार के पश्चिमी चंपारण के सारांश कुमार ने 2026 में पहली वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने 78 देशों के 500 एथलीटों के बीच भारत का नाम रोशन किया.

चंपारण के सारांश ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, 78 देशों के एथलीटों को पछाड़ रचा इतिहास
सारांश कुमार
NDTV

World Yogasan Championship 2026: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया की धरती ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए पूरे बिहार और देश का नाम विश्व मंच पर रोशन किया है.  योगापट्टी प्रखंड निवासी सारांश कुमार ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित ट्रांसस्टेडिया के ईका एरिना में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रिदमिक पेयर योगासन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. सारांश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है.

चैंपियनशिप में भारत का दबदबा

बता दें कि 4 जून से 8 जून तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्व के 78 देशों के 500 से अधिक योगासन एथलीटों ने हिस्सा लिया था. इस वैश्विक प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 114 पदक अपने नाम किए, जिसमें 102 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं. इसी  विजेता भारतीय दल के सदस्य के रूप में सारांश कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर बिहार को विश्व योगासन के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है.

स्वर्ण पदक के साथ सारांश

स्वर्ण पदक के साथ सारांश
Photo Credit: NDTV

माता -पिता और गुरु का सर गर्व से किया ऊंचा

 सारांश कुमार, पश्चिम चंपारण के योगापट्टी प्रखंड के निवासी हैं. उनके पिता जितेंद्र राम एवं माता रुना देवी अपने बेटे की इस सफलता पर फूले नहीं समा रहे हैं.  सारांश की इस कामयाबी के पीछे उनके प्रशिक्षक और राष्ट्रीय योगासन जज पवन कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. पवन कुमार सालों से जिले में योगासन को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने का कार्य कर रहे हैं. उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

स्वर्ण पदक माता- पिता और गुरू को किया समर्पित

स्वर्ण पदक जीतने के बाद खुशी से भावुक होते हुए  सारांश कुमार ने कहा कि यह स्वर्ण पदक उनके माता-पिता, गुरु पवन कुमार, योग स्पोर्ट्स एकेडमी बेतिया, अपने जिले चंपारण, बिहार और पूरे देश को समर्पित है. उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने उन्हें विश्व स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयार किया.

जिलेभर में बधाईयों का तांता

सारांश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर लक्ष्य इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन कुंदन शांडिल्य, शिक्षाविदों, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों तथा जिलेवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.

यह भी पढ़ें: बिहार के अररिया में दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो ने ली एक ही परिवार के 3 लोगों की जान; साइकिल सवार की भी मौत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
 Bihar News,  Bihar, Sports News, Yoga
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com