बिहार के वैशाली जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. एक सिपाही ने पुलिस बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र की है. सिपाही मुकेश कुमार डायल 112 में तैनात है. जब उसने यह कदम उठाया, तब घटना के वक्त उसकी पत्नी भी मौके पर मौजूद थी. बताया जा रहा है कि सिपाही जब काफी समय से घर नहीं आया तो पत्नी बैरक पहुंची थी. तभी यह घटना हो गई.
हाल ही में हुई थी शादी
सिपाही की हाल ही में शादी हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था. पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह बैरक में रह रहा था. इसी दौरान, सिपाही ने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
सिपाही पटना रेफर, स्थिति नाजुक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. सिपाही को तुरंत इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया. फिलहाल सिपाही की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
एसडीपीओ बोले- अचानक तबियत बिगड़ी
हालांकि, इस मामले में पुलिस अधिकारियों के अलग-अलग पक्ष सामने आ रहे हैं. एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि 112 में तैनात सिपाही की अचानक तबियत बिगड़ गई है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जांच के बाद ही पूरे मामले की खुलासा हो पाएगा. जबकि एसपी विक्रम सिहाग ने बैरक में घटना होने से इनकार करते हुए कहा कि घटना किराए के मकान में हुई है.
यह भी पढ़ेंः 'इंसाफ नहीं मिला तो मरना ही रास्ता है', पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर रेप पीड़िता ने खुद पर छिड़का पेट्रोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं