सीतामढ़ी के भारत-नेपाल सीमा से सटे बैरगनिया बाजार स्थित मिगरानी मेडिसिन सेंटर में कोरेक्स सिरप की अवैध बिक्री की सूचना पर छापेमारी के दौरान जमकर हंगामा हो गया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. इस दौरान हिरासत में लिए गए 3 युवकों को भी भीड़ छुड़ा ले गई.
मेडिसिन सेंटर पर छापेमारी
जानकारी के अनुसार, कोरेक्स की अवैध बिक्री की सूचना पर एसएसबी, बेरगनिया थाना पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने मिगरानी मेडिसिन सेंटर में छापेमारी की. तलाशी के दौरान दुकान से 9 बोतल कोरेक्स, करीब 20 खाली कोरेक्स की बोतलें, विभिन्न प्रकार की प्रतिबंधित दवाएं, सिगार और सिगरेट समेत कई अन्य सामान बरामद किए गए.
अफवाह पर इकट्ठा हो गए लोग
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने दुकानदार और दुकान में मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में लेने की कोशिश की. इसी बीच मौके पर मौजूद एक यूट्यूबर ने यह अफवाह फैला दी कि एसएसबी के अधिकारी खुद बैग में कोरेक्स लेकर आए थे, और उसे दुकान में रखकर कार्रवाई कर रहे हैं. अफवाह फैलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए.
देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया, और कुछ लोगों ने एसएसबी और पुलिस अधिकारियों के साथ बहस शुरू कर दी. कई लोग अधिकारियों से उलझ गए और हाथापाई तक की नौबत आ गई. हंगामे के बीच हिरासत में लिए गए तीन युवकों को भी भीड़ ने छुड़ा दिया.

बिहार में पुलिस के जवान और दुकानदारों में झड़प हो गई. (photo- NDTV)
Photo Credit: बिहार के सीतामढ़ी में बवाल के बाद तैनात पुलिस और एसएसबी के जवान. (Photo- NDTV)
बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और एसएसबी के जवानों ने भीड़ को खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. लाठीचार्ज के बाद हालात पर काबू पाया गया. घटना के बाद बाजार क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा. बैरगनिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गिरि ने बताया है दुकानदार मो. साबीर समेत दो लोगों को पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी काम मे बाधा उत्पन्न करने और प्रतिबंधित कफ सिरप बचने के मामले में गिरफ्तार किया गया है. अन्य लोगों की गिरफ्तारी को लेकर भी छापेमारी की जा रही है.
यह भी पढ़ें: तापमान @42°C: ट्रेनी कांस्टेबल को 16 किलोमीटर दौड़ाया, 11 गिरकर बेहोश; 4 की हालत गंभीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं