Samrat Chaudhary Govt Floor Test: बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के लिए शुक्रवार परीक्षा का दिन होगा. दरअसल बिहार की नई-नवेली सम्राट चौधरी सरकार का फ्लोर टेस्ट शुक्रवार को होना है. इसके बारे में डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने गुरुवार को प्रेस कॉफ्रेंस कर कई जानकारियां दी. डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा, "आप सबको एक चीज मालूम है, कल 24 को विधानसभा में सरकार विश्वास मत हासिल करेगी. कल इसी के लिए सत्र बुलाया गया है. हम बड़े मजबूती से मत हासिल करेंगे, साधारण बहुमत नहीं, मजबूत बहुमत है."
नीतीश के बनाए रास्ते पर ही चल रही नई सरकार
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नीतीश कुमार के सोच को ही आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा, "आप सब जानते हैं जो रास्ता नीतीश कुमार ने बिहार के लिए बनाया है, नई सरकार भी उसी रास्ते पर चल रही है." उन्होंने कहा- 20 सालों से लोगों का अटूट समर्थन NDA सरकार को मिल रहा है. लेकिन इस बीच हमारे तत्कालीन मुख्यमंत्री ने राज्यसभा जाने का फैसला लिया.
नीतीश जी ने जो वादे जनता से किए, वो हम पूरा करेंगेः विजय चौधरी
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार नई जरूर है, रास्ता पुराना ही है. हम बिहार की जनता को भरोसा दिलाना चाहते है, जनता से नीतीश कुमार को समर्थन दिया था, जो वादे जनता से किए हैं, वो हम पूरा करेंगे. बिहार की जनता को घबराने की जरूरत नहीं है.
12 हजार करोड़ के कर्ज पर भी बोले डिप्टी सीएम
तेजस्वी यादव कह रहे कि सरकार 12 हजार करोड़ का कर्ज ले रही है... इस पर विजय चौधरी ने कहा कि बिहार की जनता विकास देखती है, ना कि खजाना देखती है. अभी वो स्थिति नहीं आई है, जैसे उनकी सरकार चलती थी. उस समय वित विभाग लाल घेरे में रहती थी.
कैबिनेट विस्तार पर डिप्टी सीएम बोले- जल्द हो जाएगा
डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कैबिनेट विस्तार पर भी पत्ते खोले. मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा,
यह जल्द ही हो जाएगा, घबराने की जरूरत नहीं है. डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा- 2020 में जब हमारी सीटें कम आई थी, तब भी बीजेपी ने हमें मुख्यमंत्री माना था, यानि नीतीश कुमार के साथ खड़ी थी. तब बीजेपी 74 थी, हम 43 थे.
शराबबंदी खत्म करना अनंत सिंह का अपना विचारः विजय चौधरी
विजय चौधरी ने कहा- अब नीतीश कुमार ने इस बार कहा इतने दिन तक इन्होंने मदद किया था, तो हम उनकी मदद क्यों नहीं कर सकते? इसलिए इस बार बीजेपी से मुख्यमंत्री बना. आपके पार्टी के विधायक अनंत सिंह कह रहे कि शराबबंदी खत्म करना चाहिए... इस पर डिप्टी सीएम ने कहा वो उनका अपना विचार है, वो पार्टी थोड़ी न है.
यह भी पढ़ें - दिल्ली से लिस्ट लेकर पटना पहुंचे CM सम्राट चौधरी! कई पुराने नेताओं की छुट्टी तय, नई कैबिनेट में नए चेहरों पर फोकस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं