- बंगाल में BJP हाईकमान ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनुशासन बनाए रखने और गलत आचरण न करने का सख्त निर्देश दिया.
- सत्ता संभालने के 6 महीने में पार्टी के भीतर गुटबाजी और संगठन विरोधी गतिविधियों की शिकायतें सामने आई हैं.
- सुनील बंसल ने सभी पदाधिकारियों को समान नियमों के तहत संगठन के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया.
'कोई भी ऐसा काम न करें जिससे पार्टी को अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़े. यदि कोई नेता या पदाधिकारी गलत आचरण में लिप्त पाया जाता है तो उसकी पद या हैसियत चाहे जो भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा.' यह सख्त संदेश बंगाल में बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी हाईकमान ने दी है. दरअसल शुक्रवार को कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा की एक अहम बैठक हुई. इस बैठक में जिला अध्यक्षों, संभागीय प्रभारियों, विभिन्न पदाधिकारियों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने की. बंद कमरे में हुई इस मीटिंग में उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश देते हुए चेताया.
बीजेपी के सत्ता संभाले 6 महीने बाद ही गुटबाजी
मालूम हो कि 4 मई को राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अभी केवल छह महीने ही हुए हैं, लेकिन इस दौरान पार्टी के भीतर गुटबाजी, नेताओं के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी और संगठन विरोधी गतिविधियों जैसी शिकायतें सामने आई हैं. ऐसी शिकायतें संगठन तक पहुंची हैं, जिससे पार्टी और संगठनात्मक ढांचे दोनों को नुकसान हो रहा है.
इसके अलावा कुछ विधायकों पर संगठनात्मक बैठकों में स्वयं उपस्थित होने के बजाय प्रतिनिधि भेजने के आरोप भी लगे हैं. इसी पृष्ठभूमि में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश दिया है.
विधायक, सांसद, मंत्री सबके लिए समान नियम
बैठक में मौजूद एक नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि शीर्ष नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि संगठन को दरकिनार कर कोई कार्रवाई या गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी. अगर कोई अनियमितता में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. यह चेतावनी कार्यकर्ताओं से लेकर विधायकों, सांसदों और मंत्रियों तक सभी के लिए है.
बैठक में बंसल ने संगठन को मजबूत करने के लिए काम करने पर जोर दिया. सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी पिछले कुछ महीनों में पार्टी के भीतर हुई घटनाओं पर नाराजगी जताई और अनुशासन बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया.
रंगदारी वसूली, गैरकानूनी गतिविधियां तक की बात आई सामने
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा के सत्ता में आने के बाद यह पहली बार है जब शीर्ष नेतृत्व की ओर से इतना स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया गया है. सत्ता संभालने के बाद से पार्टी के कुछ नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं की गतिविधियों ने राज्य नेतृत्व को असहज स्थिति में डाला है. कई भाजपा नेताओं के नाम कथित तौर पर रंगदारी वसूली, अव्यवस्था और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों से जुड़े मामलों में सामने आए हैं, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है. यही नहीं, कई भाजपा नेताओं और मंत्रियों का अपने ही कार्यकर्ताओं से टकराव भी देखने को मिला है.
प्रदेश अध्यक्ष की सख्ती के बाद भी आ रही शिकायतें
प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य कई बार सार्वजनिक रूप से पार्टी कार्यकर्ताओं की कथित रंगदारी वसूली में संलिप्तता की आलोचना कर चुके हैं. उन्होंने कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी और कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए जा चुके हैं. बावजूद इसके, ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ती रही हैं. माना जा रहा है कि इसी वजह से अब शीर्ष नेतृत्व को सख्त संदेश देना पड़ा है.
बैठक में प्रतिनिधि भेज रहे विधायक
सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की बंद कमरे में हुई बैठक में सुनील बंसल ने कहा, "संगठनात्मक ढांचे को दरकिनार कर कोई काम नहीं होना चाहिए. देखा गया है कि कई मामलों में कुछ विधायक संगठन की बैठकों में खुद आने के बजाय अपने प्रतिनिधि भेज रहे हैं. क्या विधायक इतने व्यस्त हैं कि पार्टी की बैठक में शामिल नहीं हो सकते? यदि वे नहीं आ सकते तो प्रतिनिधि भेजने की भी जरूरत नहीं है."
1 से 25 दिसंबर तक सेवादूत कार्यक्रम चलाएगी बीजेपी
उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, "ऐसा कोई काम मत कीजिए, जिससे पार्टी को आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी पड़े." बैठक में जनसंपर्क और जनसेवा को और अधिक प्राथमिकता देने के लिए एक नई पहल की भी घोषणा की गई. बताया गया कि भाजपा 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक 'सेवादूत' कार्यक्रम चलाएगी. इसके तहत पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेताओं को अपने जिले और विधानसभा क्षेत्र से बाहर जाकर काम करना होगा. जिन क्षेत्रों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाएगी, वहां रात में ठहरना भी अनिवार्य होगा.
यह भी पढ़ें - मुसलमान भाजपा के साथ चला गया या विपक्ष ही बिखर गया? बंगाल उपचुनाव में क्या हुआ है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं