विज्ञापन

बिहार: पहले की दरिंदगी, फिर शरीर के किए टुकड़े-टुकड़े... सड़क किनारे थैले में मिला महिला का बॉडी पार्ट

आशंका जताई जा रही है कि लगभग 35 वर्षीय महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से महिला के शरीर के कई टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया है.

बिहार: पहले की दरिंदगी, फिर शरीर के किए टुकड़े-टुकड़े... सड़क किनारे थैले में मिला महिला का बॉडी पार्ट
थैले में मिला महिला के शरीर का निचला हिस्सा

बिहार के रोहतास जिले से सोमवार की शाम एक बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बबुरा चौक के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है. शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि जिसे देखने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई. घटनास्थल से जो शव बरामद हुआ है, वह पूरी तरह से टुकड़ों में बंटा हुआ था. पुलिस को बंद प्लास्टिक के एक थैले में केवल महिला के शरीर का निचला हिस्सा कमर और जांघ ही मिला है.

साक्ष्य मिटाने के लिए शरीर के किए टुकड़े

वहीं शरीर का ऊपरी हिस्सा, जिसमें सिर और धड़ शामिल है, पूरी तरह से गायब है. इस भयावह स्थिति को देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से महिला के शरीर के कई टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया है. इस बर्बर घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

सदर अस्पताल के डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि इस संवेदनशील मामले में पोस्टमार्टम के लिए चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित की गई है. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि लगभग 35 वर्षीय महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. डॉ. कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के साथ किस तरह की दरिंदगी हुई है और हत्या के पीछे की असल वजह क्या रही.

सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. दिनारा थाने के चौकीदार हरिद्वार सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है, ताकि महिला की पहचान सुनिश्चित की जा सके. इसके साथ ही बबुरा चौक और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है, जिससे घटना से जुड़े किसी भी सुराग तक पहुंचा जा सके.

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस वीभत्स घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है और वे जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Crime News, Rohtas News, Rohtas Crime News, Rohtas Rape And Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com