विज्ञापन
This Article is From Nov 14, 2017

राजद नेता शिवानंद तिवारी का बड़ा हमला- 'पप्पू' ने पीएम मोदी की नींद हराम कर रखी है

कभी सीएम नीतीश कुमार के करीबी रहे जदयू के पूर्व नेता और वर्तमान में राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिये बीजेपी पर जमकर प्रहार किया है.

राजद नेता शिवानंद तिवारी का बड़ा हमला- 'पप्पू' ने पीएम मोदी की नींद हराम कर रखी है
शिवानंद तिवारी (फाइल फोटो)
  • गुजरात चुनाव के मद्देनजर शिवानंद तिवारी ने बीजेपी पर करारा प्रहार किया.
  • शिवानंद तिवारी ने कहा कि भाजपा का आत्म विश्वास डोलने लगा है.
  • राहुल गांधी ने पीएम मोदी की नींद उड़ा रखी है.
पटना: कभी सीएम नीतीश कुमार के करीबी रहे जदयू के पूर्व नेता और वर्तमान में राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिये बीजेपी पर जमकर प्रहार किया है. शिवानंद तिवारी ने गुजरात चुनाव के मद्देनजर भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए लिखा है कि 'भाजपा का आत्मविश्वास डोलने लगा है. जिन राम विलास पासवान जी को उत्तर प्रदेश के चुनाव में पूछा तक नहीं गया था. वे गुजरात चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं.'

आगे उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ वहां दौर कर आए हैं. अहमदाबाद के रोड शो में चारों तरफ हाथ जोड़कर सड़कों पर घूमते रहे, मगर गुजरातियों ने उनका नोटिस तक नहीं लिया. पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने लिखा कि अपने नरेंद्र भाई जिन राहुल गांधी का पप्पू कहकर उपहास उड़ा रहे थे, आज उसी पप्पू ने उनकी नींद हराम कर रखी है. 

यह भी पढ़ें - बिहार में उजागर हुआ एक और घोटाला, आरजेडी ने किया नीतीश कुमार पर हमला

शिवानंद तिवारी ने एक-एक कर अपने विरोधियों पर हमला बोला. उन्होंने अमित शाह के बारे में लिखा कि 'सब पर भारी हमारे अमित शाह जी वोट के लिए अपने गृह क्षेत्र में दरवाजे-दरवाजे घूम कर पसीना बहा रहे हैं. हालत सिर्फ एक जगह गड़बड़ नहीं है. पंजाब के गुरुदासपुर में शर्मनाक पराजय के बाद चित्रकुट उपचुनाव का नतीजा सामने है. हालांकि, यह उपचुनाव कांग्रेसी विधायक की मृत्यु के उपरांत हो रहा था.'

आगे उन्होंने लिखा कि 'लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी कांग्रेस से यह सीट छीनने के लिए पिछले 6 महीने से वहां जोर लगाए हुए थे. चुनाव अभियान में तीन दिन लगातार वहां जमे रहे. एक रात एक आदिवासी परिवार के घर में उन्होंने गुजारी. चुनावी चक्रव्यूह को भेदने में माहिर तमाम धुरंधरों को मुख्यमंत्री जी ने वहां मैदान में उतार रखा था. फिर भी चुनाव हार गए. बल्कि पिछली बार के मुकाबले ज्यादा वोट से हारे.

यह भी पढ़ें - जय शाह मामले में शिवानंद तिवारी ने कसा तंज, कहा- क्या पीएम का 'न खाऊंगा न खाने दूंगा' संकल्प भी 'जुमला' था 

अंत में उन्होंने लिखा कि 'अब देश की जनता असलियत समझने लगी है. भाजपा सरकार बात बहादुरों की सरकार है यह लोगों को समझ में आने लगा है. जनता का भावनात्मक शोषण कर ये लोग चुनाव जीतते हैं. लेकिन जनता के सामने असलियत उजागर होने के बाद अब इनकी दाल गलने वाली नहीं है. देश का सियासी हालत तो यही इंगित कर रहा है.

VIDEO: नीतीश अवसरवादी राजनीति कर रहे हैं : शिवानंद तिवारी
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shivanand Tivary, Shivanand Tiwari, PM Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com