विज्ञापन

रात भर बजी शहनाई, सुबह घर से दुल्हन गायब, बिहार में राजस्थानी दूल्हे के साथ ठगी

दुल्हन लाने के लिए राजस्थान से बिहार गए दुल्हे के पैरों के नीचे की जमीन उस समय खिसक गई, जब रातभर शादी की शहनाई बजने के बाद सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी और पता चला कि दुल्हन ही गायब है. दुल्हन के साथ उसके परिवारवाले भी गायब मिले और बाहर दरवाजे पर ताला लटका मिला.

रात भर बजी शहनाई, सुबह घर से दुल्हन गायब, बिहार में राजस्थानी दूल्हे के साथ ठगी
बिहार में राजस्थानी दूल्हे के साथ ठगी

बिहार के गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में एक शादी की खुशियां महज कुछ घंटों में हैरानी, सदमे और सवालों में बदल गईं. राजस्थान से बारात लेकर पहुंचे दूल्हे को उम्मीद थी कि सुबह उसकी दुल्हन विदा होकर घर जाएगी, लेकिन सूरज निकलते ही ऐसा रहस्य सामने आया जिसने पूरे गांव को चर्चा में ला दिया. जिस घर में रात भर शादी की रस्में चलीं, सुबह वहां ताला लटका मिला और दुल्हन समेत पूरा परिवार गायब था. जानकारी के अनुसार, राजस्थान के टोंक जिले निवासी संजय पटवा सोमवार की रात अपने परिजनों के साथ दरियापुर गांव पहुंचे थे. दोनों पक्षों की मौजूदगी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ.

दुल्हन को दिए गए थे आभूषण

शादी समारोह में हंसी-खुशी का माहौल था और किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि कुछ घंटों बाद यह विवाह पूरे इलाके में सनसनी का विषय बन जाएगा. दूल्हा संजय पटवा का आरोप है कि शादी से पहले दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद आर्थिक लेनदेन भी हुआ था. उन्होंने दुल्हन को मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल समेत कई आभूषण और कपड़े दिए थे. इसके अलावा दुल्हन पक्ष द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन माध्यम से 1.10 लाख रुपये शगुन के रूप में भेजे गए थे. 

शादी के बाद दूल्हा और उसके परिजनों को गांव में ही ठहराया गया था. मंगलवार सुबह विदाई की तैयारियां शुरू हुईं तो स्थानीय लोगों ने बताया कि दुल्हन के घर का दरवाजा बंद है. जब दूल्हा पक्ष वहां पहुंचा तो घर पर ताला लटका मिला. आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि रात के अंधेरे में ही परिवार के सभी सदस्य कहीं चले गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

ठगी का अहसास होने पर पुलिस बुलाई

घटना की जानकारी मिलते ही दूल्हा पक्ष के लोगों ने दुल्हन और उसके परिजनों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा. कुछ घंटे पहले तक जहां शादी की रौनक और शहनाई की गूंज थी, वहां अचानक पसरे सन्नाटे ने सभी को स्तब्ध कर दिया. खुद को ठगी का शिकार बताते हुए दूल्हा पक्ष ने डायल-112 को सूचना दी और बेलागंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि दूल्हा पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस उपलब्ध दस्तावेजों, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के रिकॉर्ड और संबंधित व्यक्तियों की पहचान के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी. दरियापुर गांव की यह अनोखी घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. लोग इसे शादी के नाम पर संभावित ठगी से जोड़कर देख रहे हैं. हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल एक ऐसी शादी, जिसकी शुरुआत खुशियों से हुई थी, उसका अंत रहस्य और सवालों के बीच होता नजर आ रहा है. 

यह भी पढे़ं-  ब‍िहार में मह‍िला को डायन बताकर जंजीरों में जकड़ा, बेरहमी से पीटा 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar News, Bihar Latest News, Rajasthan News, Gaya News, Bihar Viral News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com