विज्ञापन

मुजफ्फरपुर में बैंड-बाजे के साथ हत्यारोपी के घर पहुंची पुलिस, पूरे गांव के सामने दी चेतावनी

मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना की पुलिस हत्या के आरोपी के घर पर बैंड बाजे के साथ पहुंची. पुलिस ने आरोपी के घर पर माइकिंग करते हुए इश्तहार लगाया.

मुजफ्फरपुर में बैंड-बाजे के साथ हत्यारोपी के घर पहुंची पुलिस, पूरे गांव के सामने दी चेतावनी
आरोपी के घर आत्मसर्पण की चेतावनी देने पहुंची पुलिस. (Photo- NDTV)

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार बढ़ता जा रहा है. इस क्रम में मुजफ्फरपुर में हत्या के एक फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके का ध्यान खींच लिया. बरियारपुर थाना पुलिस बैंड-बाजे और भारी पुलिस बल के साथ आरोपी के घर पहुंची और पूरे गांव में माइकिंग कर उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी. पुलिस ने साफ कहा कि अगर आरोपी जल्द कोर्ट या थाने में सरेंडर नहीं करता है तो उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.

क्या है पूरा मामला

दरअसल, मामला मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र का है. बरियारपुर थाना अध्यक्ष शिवचंद्र कुमार और दरोगा सनोबर प्रवीण पुलिस टीम के साथ छपरा बहोर गांव पहुंचे. इस दौरान पुलिस ने बैंड-बाजे के साथ गांव में जुलूस निकालते हुए हत्या के आरोपी के घर पर कोर्ट के आदेशानुसार इश्तहार चस्पा किया और उसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से दी.

माइकिंग कर दी गई आखिरी चेतावनी

पुलिस ने गांव में माइकिंग करते हुए फरार आरोपी को चेतावनी दी कि वह जल्द से जल्द कोर्ट या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करे. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लगातार फरार रहने की स्थिति में आरोपी की संपत्ति की कुर्की-जब्ती की जाएगी और कानून के तहत आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

पुलिस कार्रवाई देखने जुटी ग्रामीणों की भीड़

गांव में बैंड-बाजे और बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पूरे इलाके में इस अनोखी कार्रवाई की चर्चा होती रही.

अपराधियों को पुलिस का सख्त संदेश

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. इस तरह की कार्रवाई का मकसद अपराधियों पर दबाव बनाना और उन्हें कानून के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर करना है. साथ ही यह संदेश देना भी है कि गंभीर मामलों में फरार रहने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढ़ें-  बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर केस में पटना हाईकोर्ट में PIL दाखिल, मामले में CBI जांच की मांग

लेखक के बारे में
img
मणि भूषण शर्मा
संवाददाता, मुजफ्फरपुर
मणि भूषण शर्मा उत्तर बिहार के सबसे बड़े शहर मुजफ्फरपुर में NDTV के संवाददाता हैं. वह वर्ष 2025 से एनडीटीवी से जुड़े हैं और टीवी तथा वेबसाइट के लिए लगा... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar, Bihar News, Muzaffarpur, Muzaffarpur Bihar News, Muzaffarpur Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com