विज्ञापन

पटना: 'फिल्मी' स्टाइल में ज्वेलरी शॉप लूटने पहुंचीं स्कूल की लड़कियां, दुकानदार पर छिड़का स्प्रे... और फिर?

शॉर्टकट से पैसा कमाने के चक्कर में स्टूडेंट से लूटरी बनीं दो इन नाबालिग लड़कियों की चर्चा इस वक्त हर कोई कर रहा है. जानिए दुकानदार की आंखों में स्प्रे छिड़ककर गहने चुराने का इनका यह फिल्मी प्लान कैसे हुआ फेल?

पटना: 'फिल्मी' स्टाइल में ज्वेलरी शॉप लूटने पहुंचीं स्कूल की लड़कियां, दुकानदार पर छिड़का स्प्रे... और फिर?
पटना: ज्वेलरी दुकान में नाबालिग लड़कियों की लूट की कोशिश नाकाम
NDTV Reporter

Patna News: क्या आपने कभी सोचा है कि स्कूल जाने वाली दो नाबालिग लड़कियां दिनदहाड़े किसी ज्वेलरी शॉप में लूट की प्लानिंग कर सकती हैं? जी हां, पटना से एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां दो लड़कियों ने बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में दुकानदार की आंखों में स्प्रे छिड़क कर गहने लूटने की कोशिश की, लेकिन उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और सारा खेल बिगड़ गया. आइए जानते हैं आखिर पूरा माजरा क्या है.

ग्राहक बनकर दुकान में ली एंट्री

यह पूरी घटना पटना के दीघा थाना इलाके की है. कुर्जी इलाके में 'मां वैष्णो ज्वेलर्स' नाम की एक दुकान है. शुक्रवार की शाम करीब साढ़े 5 बजे दुकान में दो लड़कियां ग्राहक बनकर घुसीं. दोनों ने अपने चेहरों पर मास्क लगा रखा था ताकि कोई उन्हें पहचान न सके. उन्होंने दुकान के मालिक राजेश कुमार से कान की बालियां दिखाने को कहा.

स्प्रे अटैक से बचा दुकानदार

जैसे ही राजेश उन्हें गहने दिखाने लगे, तभी अचानक एक लड़की ने उन पर स्प्रे छिड़क दिया. लेकिन राजेश तुरंत पीछे हट गए और स्प्रे के हमले से बच गए. बिना समय गंवाए वे तेजी से भागकर दुकान के बाहर आ गए और शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लिया.

भीड़ ने लड़की को पकड़ा

शोर सुनकर जब तक लड़कियां भागने की कोशिश करतीं, तब तक स्थानीय लोग वहां जमा हो चुके थे. मौके पर काफी हंगामा होने लगा. इस अफरातफरी का फायदा उठाकर स्प्रे छिड़कने वाली एक लड़की तो वहां से फरार हो गई, लेकिन लोगों ने दूसरी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. बाद में पकड़ी गई लड़की की निशानदेही पर पुलिस ने फरार लड़की को भी ढूंढ निकाला.

पैसों की तंगी का दिया बहाना

जब पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पता चला कि दोनों अभी नाबालिग हैं और एक साथ ही पढ़ाई करती हैं. लड़कियों ने बताया कि उनके पास पैसों की भारी तंगी थी, इसलिए उन्होंने यह शॉर्टकट अपनाया. उन्हें लगा था कि वे यहां से गहने लूटकर किसी दूसरी दुकान में आसानी से बेच देंगी और रातों-रात पैसे कमा लेंगी.

सुधार गृह भेजी गईं लड़कियां

दीघा थाने के प्रभारी अवनीश कुमार ने बताया कि दुकानदार की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई है. क्योंकि दोनों लड़कियां नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें फिलहाल रिमांड होम भेज दिया गया है.

क्या किसी बड़े गैंग का है हाथ?

शुरुआती जांच में यह किसी बड़े गैंग का काम नहीं लग रहा है. लड़कियों ने यह प्लान खुद ही बनाया था. हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक इनमें से एक लड़की के पिता का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है. इसलिए पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस पूरी साजिश के पीछे उसके पिता का कोई रोल तो नहीं है.

ये भी पढ़ें:- 'बेटी तो बेटी होती है, तुरंत FIR दर्ज कराओ'.. अखिलेश की पुत्री पर सोशल मीडिया टिप्पणी पर भड़के सीएम योगी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Patna News, Bihar Crime News, Jewelry Shop Robbery, Patna Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com