- बिहार के हाजीपुर में ठेकेदार रामनरेश राय की मॉर्निंग वॉक के दौरान दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई
- चार बदमाशों ने रामनरेश राय को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई
- रामनरेश राय ने हाल ही में बीजेपी की सदस्यता ली थी, मामला आपसी रंजिश या व्यापार विवाद का लग रहा है
बिहार के वैशाली जिले से एक ठेकेदार पर दिन दहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या किए जाने की वारदात सामने आई है. ठेकेदार रामनरेश राय घ से तड़के मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे 4 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए. इलाके में तनाव का माहौल है. वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.मामला हाजीपुर के दिग्घी इलाके का है.
घेरकर ठेकेदार पर बरसाईं गोलियां
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बाइक से आए चार अपराधियों ने घेरकर उन पर अंधाधुंध फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. यह नारदात तब हुई जब मशहूर ठेकेदार रामनरेश राय अकेले मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. तभी अज्ञात अपराधियों ने उनको गोली मार दी. रामनरेश राय ने हाल ही मे बीजेपी की सदस्यता ली थी.
बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव
इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बेखौफ अपराधियों ने रामनरेश राय को चारों तरफ से घेर लिया और उन पर पिस्टल तान दी. जब तक वह कुछ समझ पाते उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों ने उन पर कई राउंड गोलियां दागीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
CCTV के आधार पर हत्यारों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे . पुलिस की टीम ने घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों अपराधियों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी गई है.
आपसी रंजिश या व्यापारिक विवाद का मामला
वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने कहा कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस हत्याकांड के बाद इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है. शुरुआती तौर पर मामला आपसी रंजिश या व्यापारिक विवाद का लग रहा है. लेकिन हत्या की असली वजहों का खुलासा अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा. आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं