- बिहार में सामने आए डेंगू के 666 मामले
- 1 दर्जन से ज्यादा जगहों पर हुआ विरोध प्रदर्शन
- मंहगी हुई रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुएं
Patna Flood: बिहार में बाढ़ और बारिश में मरने वालों की संख्या 161 से ज़्यादा हो गई है. क़रीब 15 ज़िलों में लगातार बारिश से बुरे हालत हो गए हैं. राजधानी पटना में बारिश थमने के बाद भी कई इलाकों में अभी भी पानी जमा है. कुछ इलाकों में पानी निकाला गया है जहां अब महामारी का ख़तरा बन गया है. राज्य भर से डेंगू के 666 मामले सामने आए हैं जिसमें से अकेले पटना में डेंगू के 405 मामले हैं. वहीं चिकनगुनिया के 73 मामले सामने आए हैं, जिसमें से 60 मामले पटना के हैं. पटना में अब भी राहत और बचाव के काम में NDRF और SDRF की टीमें लगी हैं.
सड़कों पर पानी भरने से पटना की जनता परेशान, JDU और BJP के नेता एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी
उधर पटना में आई बाढ़ के पानी की निकासी न होने से नाराज लोगों ने शनिवार को राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस दौरान लोगों ने स्थानीय प्रशासन व राज्य सरकार से उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की. पटना के दानापुर इलाके के निवासियों ने गोला रोड टी पॉइंट के पास सड़क पर जाम लगा दिया. इस दौरान लोगों ने टायर जलाए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम और अन्य सरकारी एजेंसियां छह दिन पहले बारिश बंद होने के बाद भी कॉलोनियों और अपार्टमेंटों से बाढ़ के पानी को बाहर निकालने में विफल रही हैं. स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क पर की गई नाकेबंदी को खत्म करने का अनुरोध किया.
शहरभर के जलभराव वाले क्षेत्रों से काफी लोगों ने पिछले तीन दिनों में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया है. उनके विरोध प्रदर्शनों ने शीर्ष सरकारी अधिकारियों के स्थिति में सुधार होने के दावों को बेनकाब किया है. अधिकारियों के अनुसार, जलभराव वाले क्षेत्रों में राजेंद्र नगर, कंकड़बाग और कदमकुआं इलाके में रहने वालों को अभी तक कोई राहत नहीं मिली है. यहां अभी भी तीन-चार फुट तक पानी जमा है.
बीजेपी के सांसद पटना में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे, खुद डूबते-डूबते बचे; देखें VIDEO
शहर में अभी भी जाम सीवेज और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाना बाकी है. पटना का बड़ा हिस्सा जलमग्न होने से पिछले चार दिनों में फलों और सब्जियों जैसी आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं. (इनपुट-आईएएनएस)
VIDEO: बिहार की बाढ़ और बारिश से 161 लोगों की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं