- बिहार में मकान और भवन निर्माण के लिए आधिकारिक निर्देश जारी.
- कमरे, रसोईघर, बाथरूम और शौचालय लंबाई-चौड़ाई तय की गई है.
- नए बाय-लॉज के हिसाब से ही नए-पुराने मकान का निर्माण होगा.
बिहार में घर या किसी भी प्रकार के भवन निर्माण को लेकर नया नियम लागू किया गया है. अब पहले से मकान बनवाना अधिक व्यवस्थित हो गया है. राज्य सरकार द्वारा 'भवन निर्माण उपविधि, 2026' को मंजूरी दिए जाने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने इसके आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. नए नियमों के तहत आवासीय भवनों के निर्माण के लिए कमरे, रसोईघर, बाथरूम और शौचालय के आकार से लेकर नक्शा पास कराने की प्रक्रिया तक कई बड़े बदलाव किए गए हैं. यह नए-पुराने दोनों मकानों के लिए लागू होगा.
कमरे, रसोई और बाथरूम के लिए तय मानक
नए बिल्डिंग बायलॉज के अनुसार शहरी क्षेत्रों में बनने वाले आवासीय भवनों के अलग-अलग हिस्सों के न्यूनतम क्षेत्रफल, चौड़ाई और ऊंचाई के स्पष्ट मानक निर्धारित किए गए हैं. इसके तहत एक कमरे का न्यूनतम क्षेत्रफल 9 वर्ग मीटर (लगभग 97 वर्ग फीट) होना चाहिए. इसकी न्यूनतम चौड़ाई 2.4 मीटर यानी कम से कम 8 फीट तय की गई है, जबकि कमरे की ऊंचाई कम से कम 2.75 मीटर (लगभग 9 फीट) होनी चाहिए.
इसके साथ ही किचन का न्यूनतम क्षेत्रफल 4.5 वर्ग मीटर और चौड़ाई कम से कम 1.8 मीटर (लगभग 5.9 फीट) निर्धारित की गई है. अगर डाइनिंग एरिया के साथ किचन बनाया जाता है, तो कुल क्षेत्रफल कम से कम 7.5 वर्ग मीटर होना चाहिए.
घर के स्टोर रूम के लिए मानक तय किए गए हैं. घर में सामान रखने के लिए बनाए जाने वाले स्टोर रूम का न्यूनतम क्षेत्रफल 3 वर्ग मीटर (लगभग 32.3 वर्ग फीट) तय किया गया है.
बाथरूम का क्षेत्रफल कम से कम 1.8 वर्ग मीटर और शौचालय का क्षेत्रफल 1.2 वर्ग मीटर होना अनिवार्य है. अगर बाथरूम और शौचालय दोनों एक साथ हैं, तो उसके लिए न्यूनतम 2.8 वर्ग मीटर जगह जरूरी होगी.
घर के मुख्य दरवाजे की चौड़ाई कम से कम 0.9 मीटर (3 फीट), चबूतरे की ऊंचाई 0.45 से 0.9 मीटर और छत की मुंडेर की ऊंचाई 1.2 से 1.5 मीटर के बीच होनी चाहिए.
नक्शा और फायर एनओसी के लिए राहत
छोटे मकान बनाने वाले आम लोगों को राहत देते हुए सरकार ने प्रक्रिया को काफी आसान कर दिया है. इसके तहत 10 मीटर या उससे कम ऊंचाई तक के भवन निर्माण के लिए अब स्थानीय निकायों या प्राधिकरण से नक्शा अप्रूव कराने की अनिवार्यता खत्म कर दी गई है. इससे अधिक ऊंचाई वाले भवनों के लिए नियमानुसार ऑनलाइन आवेदन करना होगा.
नए नियमों के तहत आवासीय और कर्मशियल भवनों को अलग से फायर NOC लेने की लंबी प्रक्रिया से छूट दी गई है. नक्शा स्वीकृति के साथ ही अग्नि सुरक्षा के प्रावधानों को शामिल कर लिया गया है, हालांकि आर्किटेक्ट को अग्निशामक यंत्र, जल की निकासी और भंडारण जैसे सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करना जरूरी होगा.
नक्शे में रंगों का विशेष कोड
भवन के नक्शे तैयार करते समय तकनीकी नियमों के तहत अलग-अलग कार्यों को विभिन्न रंगों से दर्शाना जरूरी किया गया. इसके तहत लाल रंग से प्रस्तावित नए निर्माण को दर्शाना होगा. पीला रंग से मौजूदा निर्माण को ध्वस्त किया जाना है, इसे दर्शाया जाएगा. जबकि हरा रंग जमीन की सीमा और सड़कों को दर्शाया जाएगा.
यह भी पढ़ें | बिहार में मकान बनाने का नियम बदला, ऊंचाईयों की पाबंदी खत्म, 12 फीट चौड़ी सड़क जरूरी
यह भी पढ़ें | किरायेदारी का केस 40 साल लंबा खिंचा तो भी मकानमालिक को कब्जा वापस पाने का हक : सुप्रीम कोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं