विज्ञापन
This Article is From Dec 03, 2017

नीतीश कुमार पर फिर बरसे लालू यादव, गिरगिटिया पहलवान और पलटूराम कहा

जांच एजेंसियों द्वारा परेशान किए जाने से गुस्से में भरे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने कहा, जो डर गया वो मर गया

नीतीश कुमार पर फिर बरसे लालू यादव, गिरगिटिया पहलवान और पलटूराम कहा
गया में एक कार्यक्रम में मौजूद राजद प्रमुख लालू यादव.
  • कहा- फांसी पर लटका दें लेकिन नरेंद्र मोदी के सामने नहीं झुकेंगे
  • टीवी और अखबार वाले सरकार के हाथों की कठपुतली बन गए
  • गया जिले में मुस्लिम यतीमखाना के कार्यक्रम में शामिल हुए लालू
पटना: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव उन्हें और उनके परिवार को इन दिनों जांच एजेंसियों द्वारा परेशान किए जाने से खासे गुस्से में हैं. लेकिन उन्होंने साफ तौर पर कह दिया है कि  सद्दाम हुसैन की तरह चाहे तो लोग उन्हें फांसी पर लटका दें लेकिन वे नरेंद्र मोदी के सामने कभी नहीं झुकेंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गिरगिटिया पहलवान कहा है.

बिहार के गया जिले में लालू प्रसाद यादव मुस्लिम यतीमखाना के कार्यक्रम में पहुंचे. लालू यादव ने यहां कहा कि इस बात का मैं गवाह हूं कि सात समंदर पार से जब बराक ओबामा जी दिल्ली पहुंचे तो उन्होंने कहा कि धर्म और सहिष्णुता के आधार पर देश का बंटवारा उचित नहीं है. लालू ने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू यादव को फांसी पर लटकना मंजूर है पर मोदी के सामने कभी नहीं झुक सकता है. मोदी की बंदर घुड़की से डरने वाला नहीं है. ज्यादा से ज्यादा जेल जाएंगे, तो वहां भी अच्छा खाना, फूला हुआ चना, मांस, मछली, अंडा और हिफाजत  के लिए पुलिस का पहरा रहता है. वहां लोग चैन से रहते हैं, किसी का डर नहीं. जो डर गया, वो मर गया.  

यह भी पढ़ें : अब नाश्ते से पहले ट्वीट से शुरू होने लगी बिहार के इन नेताओं की दिनचर्या!

राजद सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गिरगिटिया पहलवान हैं. वे गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं. वह पलटूराम हैं. कब, किसके साथ पलटी मार दें? यह कहा नहीं जा सकता. लालू ने कहा कि जब अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा भारत आए थे तो यहां से लौटने के बाद उन्होंने कहा था कि वर्तमान समय में जो भारत की स्थिति है, उसे देखकर गांधीजी भी शर्मिंदा हो जाते. इसी से देश की स्थिति का पता लगाया जा सकता है.

VIDEO : लालू की सुरक्षा में कटौती

उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग बाघ और सियार से डरते थे. लेकिन आज लोग गाय से डरते हैं. ऐसी स्थिति भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने कर दी है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में टीवी और अखबार वाले सरकार के हाथों की कठपुतली बने हुए हैं. वे पूरी तरह बिके हुए हैं. मीडिया वाले सरकार का गुणगान करने में लगे हुए हैं.  लालू ने कहा कि आज की परिस्थिति में जो धैर्य और साहस का परिचय मुसलमान भाइयों ने दिया है, वह काबिले तारीफ है. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग उन्हें पूरी तरह से फंसाने में लगे हुए हैं. लेकिन देश की जनता सब देख रही है. आने वाले समय में ऐसे लोगों को करारा जवाब दिया जाएगा. नीतीश कुमार ने गठबंधन तोड़कर देश की जनता को ठगने का काम किया है. ऐसे लोगों को भी आने वाले समय में जनता जवाब देगी.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lalu Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com