- कहा- कोई नया व्यक्ति आएगा तो उसे विषय को जानने में समय लगेगा
- लक्ष्य बिहार को स्वास्थ्य क्षेत्र में टॉप पांच राज्यों में शामिल करना
- विपक्ष बच्चों की मौतों पर स्वास्थ्य मंत्री पांडेय के इस्तीफ़े पर अड़ा
बिहार में विपक्ष चमकी बुखार से हुई बच्चों की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के इस्तीफ़े पर अड़ा है. मंगलवार को बिहार विधान परिषद पर इस मुद्दे पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों से पूछा कि क्या इस मुद्दे पर मंत्री या मुख्यमंत्री के इस्तीफ़े से बीमारी का इलाज हो जाएगा?
नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें मालूम है कि सदन के अंदर और बाहर विपक्ष के विधायक इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अगर इस्तीफ़ा भी हो जाएगा तो कोई नया व्यक्ति आएगा. फिर उसे विषय को जानने में समय लगेगा, इसलिए इस्तीफा समाधान नहीं है. उन्होंने विपक्ष को जनहित के मुद्दे पर साथ रहने का सुझाव जरूर दिया. उन्होंने दावा किया कि उनका लक्ष्य बिहार को स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश के टॉप पांच राज्यों में शामिल करने का है.
नीतीश ने इशारों में समझाया, बीजेपी के साथ मीडिया; तो उनके साथ पूरा विपक्ष
इस बीमारी और इससे हुई मौत के मुद्दे पर मीडिया के रुख पर उन्होंने कहा कि आजकल सोशल मेडिया का युग चल रहा है, जिसे हर समय मसाला चाहिए. नीतीश कुमार ने कहा कि वे इस सबकी परवाह किए बिना अपना काम करते हैं. उन्होंने कहा कि मीडिया भी उल्टे-पुल्टे बोलने वालों को ख़ूब तरजीह देता है. लेकिन लोग जानते हैं कि आख़िर उनका क्या हश्र हुआ. नीतीश का निश्चित रूप से इशारा विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की तरफ था.
चमकी बुखार : बिहार सरकार ने माना कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं खस्ताहाल, हलफनामा दाखिल
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मंगलवार को भी बिहार विधानसभा की पहली पाली में काफी हंगामा हुआ और सदन को स्थगित करना पड़ा.
VIDEO : स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं