विज्ञापन

छेड़खानी केस में बेल नहीं मिली तो 2 लोगों को मार डाला, घर से 2 लाशें उठाने की कोर्ट में दी थी धमकी

बीते नवंबर महीने में एक युवती के साथ मारपीट और छेड़खानी को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद मामला कोर्ट में पहुंचा और आरोपी को जब कोर्ट ने छेड़खानी और मारपीट से जुड़े मामले में कस्टडी लेने का आदेश दिया तो आरोपी के परिवार वाले भड़क गए.

छेड़खानी केस में बेल नहीं मिली तो 2 लोगों को मार डाला, घर से 2 लाशें उठाने की कोर्ट में दी थी धमकी
छेड़खानी केस में बेल नहीं मिली तो मामा-भांजे की कर दी हत्या

बिहार के नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के छोटी पाली गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप ले लिया. कोर्ट परिसर में 'दो दिन में दो लाश उठाने' की धमकी देने के महज दो घंटे बाद ही आरोपी पक्ष के लोगों ने पड़ोसी के मामा-भांजे पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला कर दिया. ताबड़तोड़ छूरा घोंपकर दोनों की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है. भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

जेल हुई आग बबूला हुए आरोपी के परिजन

बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पिछले छह महीनों से छेड़खानी, मारपीट और जमीन विवाद को लेकर तनाव चल रहा था. मामला नरहट थाना तक पहुंचा था और दोनों पक्षों के बीच केस भी दर्ज हुआ था. सोमवार को आरोपी पक्ष के मो फहीम मल्लिक एक पुराने मामले में कोर्ट में जमानत लेने पहुंचे थे, लेकिन न्यायालय ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया. कोर्ट में कस्टडी में लिए जाने के बाद फहीम मल्लिक और उसके परिजन गुस्से में आगबबूला हो गए.

कोर्ट परिसर में दी थी हत्या की धमकी

पीड़ित परिजनों के मुताबिक, कोर्ट परिसर में ही धमकी दी गई कि 'दो दिन के अंदर तुम्हारे घर से दो लाश उठेंगी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह धमकी महज दो घंटे में ही सच साबित हो जाएगी. मृतक मोहम्मद अहमद के नाना और मोहम्मद काशिफ के चाचा मोहम्मद अनवर हुसैन ने बताया कि कोर्ट से लौटने के बाद आरोपी पक्ष के लोग पहले से ही हमला करने की तैयारी में थे. उन्होंने आरोप लगाया कि मो इम्तियाज और इस्तेखार पहले से हथियार लेकर बैठे थे. जैसे ही अहमद और काशिफ वहां पहुंचे, दोनों को पकड़ लिया गया और घर से धारदार हथियार मंगाकर उन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया गया. 

पीड़ित परिजनों का आरोप है कि इस्तेखार की मां फिरोज ने घर से हथियार लाकर दिया, जिसके बाद दोनों युवकों पर बेरहमी से वार किए गए. शरीर पर कई जगह गहरे जख्म मिले हैं. हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कई अन्य लोग भी घायल हो गए.

मृतक पक्षक की युवती के साथ हुई थी छेड़खानी 

घायलों में मो आतिफ, मो कैसर, नाजरीन खातून और मो आशिफ शामिल हैं. सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है. डबल मर्डर की खबर फैलते ही छोटी पाली गांव में चीख-पुकार मच गई. मृतकों के घर मातम पसरा हुआ है. मोहम्मद काशिफ की मां, बहन, चाची और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मां बार-बार बेहोश हो रही थी. गांव की महिलाएं उन्हें संभालती नजर आईं. घटना के बाद गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. 

मामा-भांजे की हत्या से परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल

मामा-भांजे की हत्या से परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल

जानकारी के अनुसार, बीते नवंबर में चुनाव के दिन भी दोनों पक्षों के बीच हिंसक विवाद हुआ था. उस दौरान मृतक पक्ष की एक युवती पर जानलेवा हमला हुआ था और उसके साथ छेड़खानी की बात सामने आई थी. इस मामले में पीड़ित परिवार ने नरहट थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं.

नवादा एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि दो पड़ोसियों के बीच पुराने विवाद को लेकर चाकूबाजी हुई है, जिसमें दो लोगों की मौत हुई है. उन्होंने कहा कि दिसंबर में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था और उसी मामले में कार्रवाई चल रही थी. एक आरोपी ने सोमवार को सरेंडर किया था, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. एसपी ने कहा कि इसके बाद आरोपी पक्ष के परिजन गांव लौटे और फिर विवाद बढ़ गया. मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. 

यह भी पढे़ं- 

शराब पीने में 6 बार गया जेल, फिर भी नहीं माना तो छोटे भाई ने गला रेत मार डाला

अफेयर से खफा प‍िता ने शादीशुदा बेटी का घोंटा गला, 26 द‍िन बाद पुल‍िस ने कब्र से न‍िकाली लाश तो खुला रहस्य

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com