आईपीएल 2026 (IPL 2026) का 69वां मुकाबला बीते रविवार (24 मई) को राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस (RR vs MI) के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. जहां मुंबई की टीम को रोहित शर्मा से एक आतिशी पारी की उम्मीद थी. मगर वह पारी का आगाज करते हुए बिना कोई रन बनाए आउट हो गए. जिसके साथ ही उनके नाम आईपीएल में अनचाहा शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. वह देश की प्रतिष्ठित लीग में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा बार शून्य पर आउट होने होने वाले संयुक्त रूप से पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड केवल दिनेश कार्तिक के नाम दर्ज था. जो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पांच बार शून्य पर आउट हुए थे. मगर पिछले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शून्य पर आउट होते हुए रोहित ने उनके अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. खबर लिखे जाने तक रोहित भी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ कुल पांच बार शून्य पर आउट हुए हैं.
जोफ्रा आर्चर ने रोहित को बनाया शिकार
राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस मुकाबले में रोहित शर्मा को जोफ्रा आर्चर ने अपना शिकार बनाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी का आगाज करने आए 'हिटमैन' शर्मा ने कुल चार गेंदों का सामना किया. इस बीच वह खाता भी नहीं खोल पाए. रोहित का शानदार कैच विकेट के पीछे ध्रुव जुरेल ने खूबसूरती के साथ पकड़ा.
मुंबई इंडियंस को मिली शिकस्त
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो मुंबई में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स की टीम 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाने में कामयाब हुई थी. तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए ध्रुव जुरेल सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 26 गेंदों में 38 रनों की सर्वाधिक पारी खेली.
विपक्षी टीम की तरफ से मिले 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 175 रनों तक ही पहुंच पाई. टीम के लिए सूर्यकुमार यादव ने 42 गेंदों में 60 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. मगर वह भी टीम को जीत नहीं दिला सके और एमआई को 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- क्या CSK में जा रहे हैं हार्दिक पंड्या? 'कुंग फू पंड्या' के रहस्यमयी पोस्ट से मची खलबली, 'धोनी' एंगल आया सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं