नालंदा के पावापुरी स्थित वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स) में मंगलवार को उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब गर्ल्स हॉस्टल में कथित अवैध बिजली कनेक्शन काटे जाने के विरोध में छात्राएं सड़क पर उतर आईं. नाराज छात्राओं ने संस्थान की प्राचार्या डॉ. सर्बिल कुमारी के आवास का घेराव कर कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया. उनका कहना था कि यदि सुरक्षा और नियमों का हवाला देकर गर्ल्स हॉस्टल में कार्रवाई की जा रही है तो बॉयज हॉस्टल में भी समान जांच और कार्रवाई होनी चाहिए. कई घंटों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस और संस्थान प्रशासन ने छात्राओं से बातचीत कर स्थिति को सामान्य कराया.
अवैध बिजली कनेक्शन हटाने पर शुरू हुआ विवाद
NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार, विम्स के गर्ल्स हॉस्टल में कथित तौर पर अवैध बिजली कनेक्शन के माध्यम से हीटर और अन्य विद्युत उपकरण चलाए जा रहे थे. संस्थान प्रशासन को इसकी शिकायत मिली थी, जिसके बाद जांच कराई गई. जांच में अनियमितता सामने आने के बाद प्राचार्या डॉ. सर्बिल कुमारी के निर्देश पर संबंधित अवैध कनेक्शन को हटा दिया गया. बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के बाद छात्राओं में नाराजगी फैल गई.
प्राचार्या आवास पहुंचीं छात्राएं
कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में छात्राएं प्राचार्या के आवास पहुंच गईं. उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि नियम सभी के लिए समान होने चाहिए. छात्राओं का आरोप था कि केवल गर्ल्स हॉस्टल को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बॉयज हॉस्टल में भी हीटर और दूसरे बिजली उपकरण इस्तेमाल किए जाते हैं. छात्राओं ने मांग की कि यदि किसी प्रकार की जांच हो तो वह दोनों हॉस्टलों में समान रूप से की जाए.
"पहले बॉयज हॉस्टल में भी कार्रवाई हो"
प्रदर्शन कर रही छात्राओं का कहना था कि उन्हें सुरक्षा के नाम पर कार्रवाई से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन नियमों का पालन सभी पर समान रूप से होना चाहिए. उनका आरोप था कि बार-बार केवल छात्राओं के हॉस्टल को लेकर सख्ती दिखाई जाती है, जबकि लड़कों के हॉस्टल में भी कई तरह की अनियमितताओं की शिकायतें आती रही हैं. छात्राओं ने प्रशासन से पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था लागू करने की मांग की.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हंगामे की सूचना मिलते ही पावापुरी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं और संस्थान प्रबंधन दोनों पक्षों से बातचीत की. काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद छात्राएं शांत हुईं और मामला नियंत्रण में आया. पुलिस ने कहा कि बातचीत के जरिए स्थिति सामान्य कराई गई है.
प्राचार्या ने बताया क्यों की गई कार्रवाई
विम्स की प्राचार्या डॉ. सर्बिल कुमारी ने कहा कि कार्रवाई किसी भेदभाव के तहत नहीं बल्कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है. उन्होंने बताया, "अवैध बिजली कनेक्शन की जांच के बाद कार्रवाई की गई. हीटर और अवैध कनेक्शन के इस्तेमाल से शॉर्ट सर्किट और आग लगने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है."
पावापुरी पुलिस ने कहा- स्थिति कंट्रोल में
पुलिस ने छात्राओं से बातचीत के बाद स्थिति सामान्य होने की बात कही है. पुलिस ने बताया कि छात्राओं के विरोध की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. बातचीत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.
यह भी पढ़ें : गिरफ्तारी के बाद भी सबसे पहले मां की फिकर, सलाखों के पीछे से पूछा- तुमने सुबह से कुछ खाया? देखिए ये भावुक पल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं