Ranchi Student Protest LIVE: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और अभ्यर्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्र आंदोलन जारी है. छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती है, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे. छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा, "अगर सरकार हमारी मांगें नहीं मानती है, तो इस छात्र आंदोलन को जन-आंदोलन में बदलना होगा.'' छात्र नेता पीयूष कुमार का कहना है कि एसएसपी, डीएसपी और डीएम यहां आए थे. उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे प्रदर्शनकारियों से बात की और उनसे हड़ताल खत्म करने को कहा. उन्होंने CGL के छात्रों से भी बात की. हमें आधिकारिक तौर पर यहां से जाने के लिए नहीं कहा गया है. उन्होंने कहा कि वे कोर कमेटी के सदस्यों से बात नहीं करेंगे और सिर्फ छात्रों से ही बात करेंगे." डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा, "हमने भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को कुछ खाने के लिए मनाने की कोशिश की, ताकि उनकी सेहत पर बुरा असर न पड़े. हम आगे भी कोशिश करते रहेंगे."
Ranchi Student Protest All Live Updates Here...
Ranchi Student Protest LIVE: दोपहर एक बजे कांग्रेस के चार मंत्री करेंगे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
राजधानी रांची में दोपहर 1 बजे कांग्रेस भवन में कांग्रेस के चार मंत्री संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री दीपिका पांडे सिंह, राधाकृष्ण किशोर, इरफान अंसारी और शिल्पी नेहा तिर्की मीडिया को संबोधित करेंगी. माना जा रहा है कि इस दौरान सरकार और पार्टी से जुड़े अहम मुद्दों पर कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी.
Ranchi Student Protest LIVE: बीजेपी विधायक ने कहा- कोई कार्रवाई है तो दिन के उजाले में करें
भाजपा विधायक राज सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "हमें जानकारी मिली थी कि प्रशासन छात्रों को डराने-धमकाने आया था और रात में विरोध-प्रदर्शन वाली जगह को खाली कराने की कोशिश कर रहा था. हम यह देखने आए कि क्या हो रहा है." उन्होंने कहा कि प्रशासन को इतना कमजोर नहीं होना चाहिए कि वह अंधेरे की आड़ में छात्रों को हटाने की कोशिश करे. अगर वे छात्रों को हटाना चाहते हैं या कोई कार्रवाई करना चाहते हैं, तो उन्हें दिन के उजाले में आकर ऐसा करना चाहिए. रात में छात्र कहां जाएंगे?
Jharkhand Student Protest Live Updates: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत करना चाहते हैं छात्र
छात्रों का कहना है कि सरकार ने हमारी मांगें पूरी नहीं की हैं. छात्रों ने दो टूक कहा मांगें पूरी होने तक आंदोलन खत्म नहीं होगा. देर रात प्रशासन की छात्रों को हटाने की कोशिश सफल नहीं हुई. बातचीत के बावजूद छात्र आंदोलन स्थल से हटने को तैयार नहीं है. अब छात्रों की मांगों में एक नई मांग जुड़ गई है. छात्र अब सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत करना चाहते हैं. छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री से सीधे वार्ता के बाद ही आगे का फैसला होगा.
Jharkhand Student Protest Live Updates: 19वें दिन बढ़ा गतिरोध
रांची में छात्रों का आंदोलन आज 19वें दिन भी जारी है. बीती देर रात डीसी, SSP, ADM लॉ एंड ऑर्डर और SDO जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे. प्रशासन ने छात्रों से धरना खत्म कर स्टेडियम से जाने का दबाव बनाया. प्रशासन का तर्क छात्रों की मांगें मान ली गई हैं, फिर भी धरना क्यों? छात्रों ने प्रशासन के दावे को खारिज किया.
Jharkhand Student Protest Live Updates: छात्रों के आंदोलन को लेकर बढ़ा तनाव
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सोमवार को राज्य विधानसभा तक हुए रांची विरोध मार्च के दौरान छात्रों और मीडियाकर्मियों पर लाठीचार्ज किया गया. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया.
Jharkhand Student Protest Live Updates: देवेंद्र नाथ महतो रांची के सदर अस्पताल में भर्ती
10 अगस्त को खराब सेहत के बावजूद 'विधानसभा घेराव' मार्च में हिस्सा लेने के बाद देवेंद्र नाथ महतो रांची के सदर अस्पताल में भर्ती हैं.
Jharkhand Student Protest Live Updates: "बड़े आंदोलन" की चेतावनी
देवेंद्र महतो की भूख हड़ताल का 11वां दिन है. छात्रों ने अब "बड़े आंदोलन" की चेतावनी दी है.