विज्ञापन

हाथों में तिरंगा लेकर डीएम ऑफिस धमक पड़े स्कूली छात्र, Gen-Alpha के प्रोटेस्ट का वीडियो वायरल

UP Hamirpur Gen Alpha Protest: यूपी के हमीरपुर में स्कूली छात्र अपने पेरेंट्स के साथ डीएम ऑफिस की तरफ चल पड़े, पुलिस ने उन्हें किसी तरह रोक लिया, लेकिन छात्रों का कहना है कि अगर सड़क नहीं बनी तो वो फिर से प्रदर्शन करेंगे.

यूपी के हमीरपुर में स्कूली छात्रों का प्रदर्शन

दिल्ली के जंतर-मंतर पर Gen-Z का प्रदर्शन पूरे देश ने देखा, जहां युवाओं ने एक अलग अंदाज में रील बनाते हुए नीट पेपर लीक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था. इस प्रदर्शन के बाद अब स्कूलों में पढ़ने वाली पीढ़ी Gen-Alpha के कई वीडियो सामने आ रहे हैं, कहीं स्कूलों में टीचर्स को लेकर ये बच्चे प्रदर्शन कर रहे हैं, तो कहीं सुविधाओं को लेकर स्कूली छात्र आवाज उठा रहे हैं. ऐसा ही एक वीडियो यूपी के हमीरपुर से भी सामने आया है, जहां सड़क बनाने को लेकर स्कूली छात्र सीधे डीएम ऑफिस पहुंच गए. हाथों में तिरंगा लिए  Gen-Alpha वाले ये बच्चे अपनी आवाज उठा रहे थे. 

पांच किमी का पैदल मार्च 

सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर करीब 5 किलोमीटर पैदल मार्च किया और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया. इन ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक उनके गांव तक पक्की सड़क नहीं बन सकी है. बरसात के दिनों में मिट्टी की सड़क पर कई-कई फीट पानी भर जाता है, जिससे गांव का संपर्क लगभग कट जाता है. 

स्कूली ड्रेस में दिखे बच्चे

हमीरपुर में स्कूली बच्चे अपनी ड्रेस पहनकर जब कलेक्टर ऑफिस पहुंचे तो प्रशासन में हड़कंप मच गया. यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामले को संभाला और बच्चों को अंदर जाने से रोक दिया. ग्रामीण छात्रों का कहना है कि हमें स्कूल आने जाने में बहुत परेशानी होती है और जब से हमारा देश आजाद हुआ है तब से लेकर आज तक हमारे यहां कोई सड़क नहीं बनी है.

छात्रों ने बताया कि कीचड़ से दलदल बनने के बाद वो स्कूल भी नहीं जा पाते हैं. कीचड़ के चलते स्कूल पहुंचने पर उनकी पूरी यूनिफॉर्म गंदी हो जाती है. उन्होंने बताया कि वो पहले भी कलेक्टर ऑफिस कई बार आ चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई.

कई साल से परेशान हैं ग्रामीण  

ग्रामीणों के मुताबिक, चंदूपुर मार्ग जिला मुख्यालय से महज 4 किलोमीटर की दूरी पर है, लेकिन सड़क की हालत वर्षों से जस की तस बनी हुई है. इस सड़क से एक दर्जन से अधिक गांव और मजरे जुड़े हुए हैं. बरसात आते ही मिट्टी का यह रास्ता तालाब में तब्दील हो जाता है. सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ता है. सड़क पर पानी और कीचड़ होने के कारण बच्चे कई-कई दिनों तक स्कूल नहीं जा पाते. वहीं, रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है, कभी जब किसी बीमार या गंभीर मरीज को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है, क्योंकि जलभराव और कीचड़ के चलते एम्बुलेंस तक गांव में नहीं पहुंच पाती है.  

(इनपुट - रविंद्र निगम)

ये भी पढ़ें - पूरे परिवार की सरकारी नौकरी! साला, भाभी और भतीजा सब BSO... JPSC आरोपी अभय तिवारी का फैमिली नेटवर्क

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hamirpur News, UP School, Viral Video, Gen Alpha, Students Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com