विज्ञापन

मेरी बात का गलत मतलब निकाला गया...महिला आयोग के नोटिस पर भड़के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव

महिला आयोग के नोटिस पर सांसद पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि उनका बयान महिलाओं के खिलाफ नहीं था और उसे संदर्भ से हटाकर पेश किया गया.

मेरी बात का गलत मतलब निकाला गया...महिला आयोग के नोटिस पर भड़के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव
  • पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और वे महिलाओं के खिलाफ नहीं थे
  • महिला आयोग की निष्क्रियता पर सवाल उठाए और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के प्रति आयोग की भूमिका पर निराशा जताई
  • सांसद ने बिहार में महिला सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों का उल्लेख करते हुए व्यापक चर्चा और कार्रवाई की मांग की
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

बिहार महिला आयोग की ओर से जारी नोटिस को लेकर पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने आज अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है और वह महिलाओं के खिलाफ नहीं, बल्कि राजनीति में होने वाले कथित शोषण के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. उन्होंने कहा कि वे इन दिनों लगातार महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, जो कायदे से महिला आयोग को करना था. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को मैंने सदन के पटल पर भी रखा, जो सरकारी आंकड़े, मीडिया रिपोर्ट्स के साथ बीजेपी नेता सुब्रह्मण्य स्वामी और मधु आदि के बयानों से संदर्भित था.

बयान तोड़‑मरोड़ कर पेश करने का आरोप

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने अपने बयान में यह मुद्दा उठाया था कि राजनीति में आने वाली महिलाओं को कई बार शोषण का सामना करना पड़ता है, और इसी संदर्भ में उन्होंने टिप्पणी की थी. उनका कहना है कि इस मुद्दे पर पहले भी कई सामाजिक और राजनीतिक मंचों पर चर्चा हो चुकी है, लेकिन उनके बयान को अलग तरीके से पेश कर विवाद खड़ा किया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि इसी तरह के अन्य बयानों या आरोपों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती, जबकि उनके आवाज उठाने पर तुरंत नोटिस जारी कर दिया गया. महिला आयोग को बताना चाहिए कि पटना में नीट की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या हुई, उसमें उन्होंने क्या किया? आयोग को नालंदा की उस घटना के बारे में भी बताना चाहिए, जिसमें सरेराह महिला के साथ रेप की कोशिश की गयी। आयोग ने इस मामले में क्या किया? 

ये भी पढ़ें : राजनीति में कंप्रोमाइज करना पड़ता है... महिलाओं को लेकर पप्पू यादव का विवादित बयान, आयोग ने भेजा नोटिस

महिला अपराधों पर आयोग की भूमिका पर उठाए सवाल

पप्पू यादव ने कहा कि सहरसा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर समेत बिहार के तमाम हिस्सों में रहे बेटियों पर यौन अपराध के मुद्दे पर आयोग की भूमिका क्या रही? क्या कभी इन्होने संज्ञान लिया और अगर लिया तो उसका परिणाम क्या रहा? आज जब महिलाओं पर अत्याचार होता है, तब सिर्फ पप्पू यादव ही उनकी ढाल बनते हैं. उन्होंने कहा कि शिल्पी गौतम से लेकर मुजफ्फरपुर शेल्टर हाउस एवं राज्य के एप्सटीन मामले में महिला आयोग की निष्क्रियता क्यों है? जबकि हम महिलाओं की लड़ाई लड़ रहे हैं, तो हमें नोटिस भेज दिया.

महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों का मुद्दा उठाया

पप्पू यादव ने महिला सुरक्षा से जुड़े कई मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में महिलाओं के खिलाफ अपराध एक गंभीर मुद्दा है और इस पर व्यापक स्तर पर चर्चा और कार्रवाई की जरूरत है. उन्होंने कहा कि मणिपुर, शिक्षा संस्थानों और अन्य जगहों पर सामने आए मामलों पर भी उतनी ही गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए आवाज उठाना है, न कि किसी का अपमान करना.

मीडिया रिपोर्टिंग पर नाराज़गी, पूरे बयान देखने की मांग

सांसद ने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पूरे बयान को देखे बिना आंशिक अंशों के आधार पर खबरें चलाई जा रही हैं. उन्होंने मांग की कि उनके पूरे वीडियो को देखा जाए ताकि उनके बयान का सही संदर्भ सामने आ सके. उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं और अपने बयान पर कायम हैं, लेकिन इसे गलत तरीके से प्रस्तुत करना उचित नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका संघर्ष हमेशा महिलाओं, युवाओं और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए रहा है और आगे भी जारी रहेगा. साथ ही उन्होंने कहा कि यदि उनके बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो वह खेद व्यक्त करते हैं, लेकिन उनका मकसद समाज में व्याप्त समस्याओं को उजागर करना था.

ये भी पढ़ें ; 'बिहार में कभी ऐसा नहीं हुआ', संसद में गूंजा भीड़ के सामने रेप की कोशिश का मुद्दा; पप्पू यादव बोले- फांसी दो

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com